Trending

Malaysia से पकड़े गए 3 भारतीय गैंगस्टर, भारत लाकर पुलिस ने किया गिरफ्तार; Bambiha Gang से जुड़े हैं आरोपी

नई दिल्ली: भारतीय एजेंसियों ने मलेशिया में कार्रवाई कर तीन फरार भारतीय गैंगस्टरों को पकड़ने के बाद भारत वापस लाया है। भारत पहुंचने पर तीनों को पुलिस हिरासत में सौंप दिया गया। गृह मंत्रालय के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ बहबल, अजय सिंह और पवनदीप सिंह के रूप में हुई है। तीनों के कथित तौर पर बंबीहा गैंग से जुड़े होने और कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल होने की बात कही गई है।

गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सुरक्षित भारत’ के विजन के तहत भारतीय एजेंसियां विदेशों में छिपे कुख्यात अपराधियों को भारत वापस लाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं। मंत्रालय के मुताबिक, 2026 में अब तक 51 कुख्यात अपराधियों को भारत वापस लाने में मदद की गई है।

मलेशिया से भारत लाकर पंजाब पुलिस को सौंपा

पंजाब के डीजीपी के मुताबिक, तीनों आरोपियों को मलेशिया से निर्वासित किए जाने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें जांच के लिए पंजाब लाया गया है।

आरोपियों में जसप्रीत सिंह उर्फ बहबल फरीदकोट का रहने वाला बताया गया है, जबकि अजय सिंह और पवनदीप सिंह राजस्थान के श्रीगंगानगर के निवासी बताए गए हैं।

हत्या, वसूली और विस्फोटक से जुड़े आरोप

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी दविंदर बंबीहा गैंग से जुड़े आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा रहे हैं। इनके खिलाफ हत्या, जबरन वसूली, सीमा पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी, विस्फोटक पदार्थों की आपूर्ति समेत कई गंभीर आरोप बताए गए हैं।

इन पर लुधियाना में हैंड ग्रेनेड हमले की कथित साजिश और नाकाम कोशिश से जुड़े होने का भी आरोप है। पुलिस ने इस मामले के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने की बात भी कही है।

कई महीनों से चल रही थी निगरानी

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित प्रसाद के अनुसार, इन भगोड़े आरोपियों का निर्वासन और गिरफ्तारी खुफिया एजेंसियों की लगातार कार्रवाई का परिणाम है। उन्होंने बताया कि यह अभियान पिछले कई महीनों से चल रहा था और इस दौरान विदेशों में मौजूद भगोड़े अपराधियों की गतिविधियों पर करीबी नजर रखी जा रही थी।

पंजाब डीजीपी ने दिया था सख्त संदेश

19 अगस्त को पंजाब के डीजीपी ने कहा था कि पंजाब पुलिस अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया था कि भगोड़े अपराधी दुनिया में कहीं भी छिपे हों, उन्हें तलाश कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply