अमृतसर : पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया में 2 से 4 संदिग्ध ड्रोन या उड़ती हुई वस्तुएं दिखाई दीं। रनवे और उसके आसपास संदिग्ध गतिविधि नजर आते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने अलर्ट जारी कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर अमृतसर आने वाली 7 उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, संदिग्ध ड्रोन अथवा उड़ती हुई वस्तुएं गांव रजाला की दिशा से एयरपोर्ट की ओर आती दिखाई दीं। ये कुछ मिनटों तक रनवे और आसपास के संवेदनशील इलाके में मंडराते रहे। इसके बाद ATC ने सुरक्षा अलर्ट जारी किया और एहतियात के तौर पर अमृतसर आने वाली कई उड़ानों का रूट बदल दिया गया।
इन 7 उड़ानों को किया गया डायवर्ट
मलेशिया एयरलाइंस : कुआलालंपुर से अमृतसर — दिल्ली डायवर्ट
इंडिगो : मुंबई से अमृतसर — चंडीगढ़ डायवर्ट
इंडिगो : दिल्ली से अमृतसर — चंडीगढ़ डायवर्ट
एयर इंडिया : दिल्ली से अमृतसर — दिल्ली वापस भेजा गया
एयर इंडिया : दिल्ली से अमृतसर — दिल्ली वापस भेजा गया
इंडिगो : शारजाह से अमृतसर — दिल्ली डायवर्ट
एयर इंडिया एक्सप्रेस : शारजाह से अमृतसर — दिल्ली डायवर्ट
श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट अमृतसर शहर से करीब 11 किलोमीटर उत्तरपश्चिम में राजा सांसी में स्थित है। यह पंजाब का सबसे बड़ा और व्यस्त हवाई अड्डा है। इसका नाम सिखों के चौथे गुरु और अमृतसर शहर के संस्थापक गुरु राम दास के नाम पर रखा गया है।
अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक होने के कारण अमृतसर एयरपोर्ट सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। भारतपाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा यहां से हवाई दूरी के लिहाज से 30 किलोमीटर से भी कम, करीब 18.6 मील दूर है।



