TrendingUttar Pradesh

50,000 छात्राओं को अक्टूबर-नवंबर में मिलेगी स्कूटी : रक्षाबंधन पर बेटियों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, मुख्यमंत्री ने किया ऐलान

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार ने बुधवार को कई बड़े ऐलान किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के स्नातक पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाली 50 हजार छात्राओं को अक्टूबरनवंबर में स्कूटी दी जाएगी। इसके साथ ही 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए आजीवन मुफ्त रोडवेज यात्रा की सुविधा शुरू की गई। मुख्यमंत्री ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

रक्षाबंधन पर तीन दिन महिलाओं का फ्री सफर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 27, 28 और 29 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाएं अपने एक सहयात्री के साथ रोडवेज और सिटी बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को नियमित रूप से मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी।

https://twitter.com/myogiadityanath/status/2092528790417392106

50 हजार छात्राओं को मिलेगी स्कूटी

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान घोषणा की कि स्नातक में पढ़ने वाली 50 हजार छात्राओं को अक्टूबरनवंबर में स्कूटी वितरित की जाएगी। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं की शिक्षा, आवागमन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर क्यों योजना?

योगी ने कहा कि महिला स्वावलंबन, सम्मान और सुशासन की बात होने पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का नाम श्रद्धा से लिया जाता है। उन्होंने उन्हें साहस और स्वाभिमान की प्रतीक बताते हुए कहा कि इसी वजह से मुफ्त बस यात्रा योजना का नाम उनके नाम पर रखा गया है।

कामकाजी महिलाओं के लिए बन रहे हॉस्टल

मुख्यमंत्री ने बताया कि लखनऊ, कानपुर, आगरा, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, प्रयागराज, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और झांसी में अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक हॉस्टल में 500 कामकाजी महिलाओं के मुफ्त रहने की व्यवस्था होगी।

महिला सुरक्षा पर भी सरकार का फोकस

योगी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश में मिशन शक्ति केंद्र, एआई आधारित सेफ सिटी नेटवर्क, 1090 और 112 की एकीकृत प्रतिक्रिया प्रणाली काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रदेश में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 2017 के करीब 10 हजार से बढ़कर अब 45 हजार हो गई है। पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत भर्ती का प्रावधान किया गया है और करीब 32 हजार भर्ती प्रक्रिया में है।

‘महिला का सम्मान सुविधाओं से भी जुड़ा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सम्मान केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि घर में शौचालय, बिजली, धुआंमुक्त ईंधन, नल का पानी और सीधे बैंक खाते में सरकारी सहायता पहुंचने से भी जुड़ा है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, पक्के मकान, जल जीवन मिशन और डीबीटी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply