Greater Noida Child Kidnapping Case: उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के कासना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां छह साल के मासूम बच्चे का अपहरण किया गया. फिर उसको गाजियाबाद में दो लाख रुपयों में कथित तौर पर बेच दिया गया. हालांकि, कासना पुलिस ने इस मामले को सुलझा लिया और किडनैप किए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है. साथ ही पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों और 2 महिलाओं समेत कुल 7 लोगों की गिरफ्तारी की है.

पुलिस से मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों के घायल होने की भी जानकारी है. जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को कासना में एक अस्पताल के सामने से मासूम को किडनैप कर लिया गया था. आरोपी बच्चे को कार से गाजिुयाबाद लेकर गए थे. फिर फिर कथित तौर पर 2 लाख रुपये में बेच दिया. पुलिस के अनुसार, बच्चा 13 अक्टूबर को लापता हो गया था.
एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया
बच्चे के परिवार ने 14 अक्टूबर को कासना पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने बताया कि इलाके में संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया था. पुलिस की एक टीम इलाके की जांच कर रही थी. दाधा गोलचक्कर के पास पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार तेजी से भाग निकली.
भागने की कोशिश में कार में सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं. जवाबी फायरिंग में तीन आरोपियों गुरमीत सिंह , सुमित कुमार और अंकित कुमार के पैरों में गोली लगी. तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया. दो अन्य आरोपी, विकास और नकुल , गोलचक्कर के पास पकड़े गए. इसके बाद कासना से पुष्पा और कमलेश नामक दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया.
कैसे बनाया गया किडनैपिंग का प्लान?
बच्चे को छुड़ा लिया गया है. पूछताछ के दौरान, अंकित ने पुलिस को बताया कि उसने और नकुल ने 13 अक्टूबर को काशीराम अस्पताल के बाहर से बच्चे का अपहरण किया था. इसके बाद बच्चे को गुरमीत, सुमित और विकास के साथ एक कार में गाजियाबाद ले जाया गया था. सुमित ने बताया कि इस अपहरण की साजिश में उसकी मामी पुष्पा और दिल्ली निवासी कमलेश की भूमिका थी.
पष्पा ने उसे सूचित किया था कि कमलेश बच्चे के लिए पैसे देने को राजी थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को सौदे में 2 लाख 50 हजार रुपये और मिलने थे. उनको दो लाख मिल चुके थे.पु लिस ने आरोपियों के कब्जे से मिली रकम में बचे 2 लाख 22 हजार 800 रुपये, बरामद कर लिए हैं.
साथ ही वारदात में उपयोग कार और मोटरसाइकिल के अलावा तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.



