दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनियों में शामिल Nvidia इन दिनों एक बड़े नेतृत्व संकट से जूझ रही है. कंपनी के CEO और कोफाउंडर जेन्सेन हुआंग से जुड़ा विवाद अब सिर्फ उनकी निजी जिंदगी तक सीमित नहीं रह गया है. इसने कंपनी के भविष्य, निवेशकों के भरोसे और उत्तराधिकारी की योजना पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. हैरानी की बात यह है कि करीब 33 साल से कंपनी की कमान संभाल रहे 63 वर्षीय हुआंग के बाद कौन Nvidia का अगला CEO बनेगा, इसका कोई नाम सार्वजनिक तौर पर सामने नहीं आया है. ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia के शेयरों ने अपने शुरुआती दौर से अब तक 7 लाख फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है. कंपनी का कारोबार तेजी से बढ़ा है, लेकिन उसकी कामकाज की व्यवस्था आज भी काफी हद तक एक ही व्यक्ति यानी जेन्सेन हुआंग के इर्दगिर्द घूमती है. ऐसे में सवाल है कि अगर हुआंग किसी वजह से CEO पद छोड़ते हैं तो Nvidia का क्या होगा?

आखिर जेन्सेन हुआंग को लेकर क्या विवाद है?
जेन्सेन हुआंग से जुड़ा एक निजी विवाद अब अमेरिकी जांच एजेंसियों और Nvidia के बोर्ड तक पहुंच गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हुआंग का सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी Megaspeed से जुड़ी एक पूर्व एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग के साथ कथित संबंध रहा है. रिपोर्ट्स में एलिस हुआंग पर चीन के लिए जासूसी गतिविधियों में शामिल होने का संदेह जताया गया है. हालांकि, इन आरोपों और जांच से जुड़े सभी पहलुओं की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है.
हुआंग ने अपने कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार करते हुए माफी मांगी है. वहीं Nvidia के बोर्ड ने इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच शुरू की है. कंपनी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं हुआंग को किसी विदेशी खुफिया एजेंसी ने निशाना तो नहीं बनाया. यह मामला इसलिए भी संवेदनशील है क्योंकि Nvidia के एडवांस AI चिप्स अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी प्रतिस्पर्धा का अहम हिस्सा हैं.
Nvidia में इतना महत्वपूर्ण क्यों है जेन्सेन हुआंग का रोल?
Nvidia की स्थापना 1993 में जेन्सेन हुआंग ने क्रिस मालाचोव्स्की और कर्टिस प्रीम के साथ मिलकर की थी. शुरुआत में कंपनी कंप्यूटर गेमिंग के लिए ग्राफिक्स कार्ड बनाती थी. लेकिन समय के साथ हुआंग ने कंपनी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI चिप्स के कारोबार की तरफ मोड़ दिया.आज Nvidia के GPU का इस्तेमाल AI मॉडल को ट्रेन करने और चलाने के लिए किया जाता है. Google, Microsoft, Amazon और Meta जैसी बड़ी टेक कंपनियां अपने AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए Nvidia की चिप्स पर काफी निर्भर हैं.
हुआंग की खासियत सिर्फ टेक्नोलॉजी की समझ नहीं है. उन्होंने दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों के साथ कारोबारी रिश्ते भी बनाए हैं. AI इंडस्ट्री में Nvidia की मजबूत स्थिति बनाने में उनकी रणनीति और व्यक्तिगत संपर्कों की बड़ी भूमिका रही है.रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी में करीब 60 वरिष्ठ अधिकारी सीधे हुआंग को रिपोर्ट करते हैं. आमतौर पर बड़ी टेक कंपनियों में CEO के पास इतने ज्यादा सीधे रिपोर्टिंग अधिकारी नहीं होते.हुआंग कर्मचारियों के कामकाज से लेकर कंपनी की रणनीति और यहां तक कि कर्मचारियों की सैलरी से जुड़े मामलों पर भी नजर रखते हैं.
क्या है Key Person Risk और Nvidia के लिए यह चिंता क्यों?
इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण शब्द है Key Person Risk. आसान भाषा में समझें तो जब किसी कंपनी की सफलता, रणनीति और भविष्य किसी एक व्यक्ति पर बहुत ज्यादा निर्भर हो जाए, तो इसे Key Person Risk कहा जाता है. मान लीजिए किसी कंपनी का CEO ही उसके सबसे बड़े कारोबारी फैसले लेता है, ग्राहकों से रिश्ते बनाता है, नई टेक्नोलॉजी की दिशा तय करता है और निवेशकों का भरोसा भी उसी के नाम पर टिका है. ऐसे में अगर वह अचानक कंपनी छोड़ दे तो कारोबार पर बड़ा असर पड़ सकता है.
Nvidia के मामले में यही जोखिम दिखाई दे रहा है. कंपनी की रणनीति में हुआंग की बड़ी भूमिका है. बड़े टेक्नोलॉजी कारोबारियों के साथ उनके व्यक्तिगत रिश्ते हैं. AI इंडस्ट्री में कंपनी की पहचान काफी हद तक उनके चेहरे से जुड़ी है. करीब 60 सीनियर अधिकारी सीधे उन्हें रिपोर्ट करते हैं. कंपनी ने अभी तक किसी संभावित उत्तराधिकारी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है. यानी Nvidia के पास मजबूत टेक्नोलॉजी और बड़ा कारोबार तो है, लेकिन नेतृत्व परिवर्तन की स्थिति में अनिश्चितता बनी हुई है.
Nvidia का कारोबार कितना बड़ा हो चुका है?
Nvidia की ग्रोथ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कंपनी का रेवेन्यू चार साल पहले 27 अरब डॉलर से भी कम था. अब मौजूदा वित्त वर्ष में इसके 400 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंचने का अनुमान है. कंपनी ने सेमीकंडक्टर कारोबार में 70 फीसदी से ज्यादा का ग्रॉस मार्जिन भी बनाए रखा है, जो इस इंडस्ट्री के लिहाज से काफी ऊंचा माना जाता है.
Nvidia के शेयरों ने अपने शुरुआती दौर से 7 लाख फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है. इस शानदार प्रदर्शन के पीछे AI की बढ़ती मांग और हुआंग की रणनीति दोनों की अहम भूमिका रही है. यही वजह है कि निवेशक कंपनी में किसी अचानक नेतृत्व बदलाव को लेकर चिंतित हैं.
Nvidia में अगला CEO कौन बन सकता है?
यह इस पूरे विवाद का सबसे बड़ा सवाल है. कंपनी के करीब 60 सीनियर अधिकारियों में से किसी को भी अभी तक सार्वजनिक रूप से हुआंग का उत्तराधिकारी घोषित नहीं किया गया है. Nvidia की CFO कोलेट क्रेस कंपनी की प्रमुख अधिकारियों में शामिल हैं. वह निवेशकों और वॉल स्ट्रीट के सामने कंपनी का वित्तीय पक्ष रखती हैं. इसके अलावा डेटा सेंटर टेक्नोलॉजी से जुड़े अधिकारी इयान बक भी कंपनी के अहम नेतृत्वकर्ताओं में शामिल हैं. लेकिन इनमें से किसी को भी आधिकारिक तौर पर अगला CEO नहीं बताया गया है.
हुआंग पहले कह चुके हैं कि वह चाहते हैं कि उनका उत्तराधिकारी कंपनी के अंदर से ही आए. उनका मानना है कि Nvidia को चलाने के लिए ऐसे व्यक्ति की जरूरत होगी जो कंपनी की तकनीक, संस्कृति और भविष्य की रणनीति को अच्छी तरह समझता हो. हुआंग के बेटे स्पेंसर और बेटी मैडिसन भी Nvidia में काम करते हैं. हालांकि, हुआंग ने स्पष्ट किया है कि सिर्फ परिवार का सदस्य होने के कारण उन्हें CEO की जिम्मेदारी नहीं मिलेगी. इसके लिए उन्हें अपनी योग्यता साबित करनी होगी.
क्या हुआंग को CEO पद से हटाया जा सकता है?
हुआंग ने पहले कहा था कि उन्होंने जानबूझकर कंपनी के चेयरमैन का पद नहीं लिया, ताकि CEO बोर्ड के प्रति जवाबदेह बना रहे और जरूरत पड़ने पर उसे पद से हटाया जा सके. उन्होंने खुद को ऐसा CEO बताया है जिसे बोर्ड आसानी से पद से हटा सकता है. हालांकि, Nvidia के बोर्ड और हुआंग के बीच लंबे समय से गहरे संबंध हैं. बोर्ड के छह डायरेक्टर एक दशक से ज्यादा समय से जुड़े हुए हैं, जबकि इनमें से तीन को 30 साल से अधिक हो चुके हैं.
कंपनी के बोर्ड की प्राथमिकता फिलहाल हुआंग को CEO बनाए रखने की बताई गई है, लेकिन जांच के नतीजे महत्वपूर्ण होंगे. इस बीच, एक शेयरहोल्डर ने Nvidia और हुआंग के खिलाफ अमेरिका में प्रस्तावित क्लास एक्शन मुकदमा भी दायर किया है. इसमें निवेशकों को कथित तौर पर गुमराह करने का आरोप लगाया गया है.
इस विवाद का AI इंडस्ट्री पर क्या असर हो सकता है?
Nvidia सिर्फ चिप बनाने वाली कंपनी नहीं है. आज दुनिया में AI इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने वाली कंपनियों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण हो चुकी है. अगर हुआंग को पद छोड़ना पड़ता है या कंपनी में नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता लंबे समय तक बनी रहती है, तो इसके तीन बड़े असर हो सकते हैं. पहला, निवेशकों का भरोसा प्रभावित हो सकता है. Nvidia की सफलता में हुआंग की भूमिका को देखते हुए नेतृत्व परिवर्तन की आशंका शेयरों में उतारचढ़ाव बढ़ा सकती है.
दूसरा, बड़े कारोबारी सौदों पर असर पड़ सकता है. हुआंग के दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों के प्रमुखों के साथ व्यक्तिगत कारोबारी संबंध हैं. नए CEO के लिए इन रिश्तों को उसी स्तर पर बनाए रखना आसान नहीं होगा. तीसरा, अमेरिकाचीन टेक्नोलॉजी विवाद और बढ़ सकता है. Nvidia के एडवांस AI चिप्स चीन के लिए भी अहम हैं. इस विवाद के चलते अमेरिकी सरकार की निर्यात नीतियों और चीन के साथ कारोबार पर ज्यादा सख्ती की मांग उठ सकती है.
Nvidia की असली परीक्षा अब नेतृत्व की
Nvidia ने पिछले तीन दशकों में गेमिंग ग्राफिक्स कार्ड बनाने वाली कंपनी से दुनिया की सबसे प्रभावशाली AI चिप कंपनियों में अपनी जगह बनाई है. इस सफर में जेन्सेन हुआंग की भूमिका बेहद अहम रही है. लेकिन मौजूदा विवाद ने एक बड़ी कॉर्पोरेट कमजोरी सामने ला दी है. कंपनी का कारोबार जितना बड़ा हो चुका है, उसके मुकाबले उत्तराधिकार की योजना उतनी स्पष्ट नजर नहीं आती.
फिलहाल Nvidia के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं. पहली, हुआंग से जुड़े विवाद की निष्पक्ष जांच और निवेशकों का भरोसा बनाए रखना. दूसरी, यह सुनिश्चित करना कि भविष्य में नेतृत्व परिवर्तन होने पर कंपनी की रफ्तार प्रभावित न हो. कुल मिलाकर, Nvidia की कहानी अब सिर्फ AI चिप्स और शानदार शेयर रिटर्न की नहीं रह गई है. कंपनी के सामने यह साबित करने की चुनौती है कि उसका भविष्य किसी एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं है.



