Karnataka News:कर्नाटक के कोडागु जिले में ममता को शर्मसार करने वाली एक अमानवीय घटना सामने आई है. यहां सोमवरपेट तालुक के जाम्बुर गांव में एक मां अपने 8 महीने के मासूम बच्चे को सूटकेस में बंद कर घर पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गई. गनीमत रही कि रात के समय बंद घर के भीतर से बच्चे के जोरजोर से रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों को शक हुआ, जिसके बाद दादी और पड़ोसियों ने ताला तोड़कर सूटकेस से मासूम को बाहर निकाला और उसकी जान बचा ली. फिलहाल, बच्चे का मदिकेरी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत में सुधार है. वहीं, पुलिस ने फरार मां को हुनसूर के पास से ट्रेस कर लिया है.

यह घटना सोमवरपेट तालुक के जाम्बुर गांव स्थित फील्ड मार्शल करियप्पा लेआउट की है, जहां 201819 के बाढ़ पीड़ितों के लिए मकान बनाए गए हैं. यहां के मकान नंबर 255 में एक महिला अपने 8 महीने के बच्चे के साथ रहती है, जबकि बच्चे के पिता चेन्नई में काम करते हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्चे की मां 11 नवंबर की दोपहर के आसपास घर से निकली थी. रात करीब 10 बजे पड़ोसियों को बंद घर के अंदर से बच्चे के जोरजोर से रोने की आवाज सुनाई दी. जब लोगों ने जाकर देखा तो दरवाजे पर बाहर से ताला लगा था.
स्थानीय लोगों ने महिला को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था. इसके बाद लोगों ने तुरंत मदिकेरी में रहने वाली बच्चे की दादी को फोन कर पूरी जानकारी दी. मौके पर पहुंची दादी और स्थानीय लोगों ने घर का ताला तोड़ा. अंदर तलाश करने पर बच्चा एक सूटकेस के भीतर बंद मिला, जो बुरी तरह रो रहा था.
ऑक्सीजन की कमी से बिगड़ गई थी हालत, हुनसूर में मिली मां
सूटकेस में घंटों बंद रहने के कारण बच्चे की हालत बेहद चिंताजनक हो गई थी. ऑक्सीजन की कमी से उसे सांस लेने में कठिनाई हो रही थी, उसका रक्तचाप काफी बढ़ा हुआ था और उसे तेज बुखार था. बच्चे को तत्काल मदिकेरी स्थित जिला बाल चिकित्सालय के आपातकालीन कक्ष में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार अब उसकी हालत में काफी सुधार है, हालांकि पूरी तरह स्वस्थ होने और अस्पताल से छुट्टी मिलने में करीब एक सप्ताह का समय लगेगा.
घटना की सूचना मिलते ही बच्चे के पिता चेन्नई से वापस लौट आए हैं, जबकि बच्चा फिलहाल अपनी दादी और परिजनों की देखरेख में अस्पताल में है. उधर, घर से भागी मां का पता कर्नाटक के हुनसूर के पास चल गया है.
आखिर क्यों उठाया इतना खौफनाक कदम?
सोमवरपेट पुलिस स्टेशन में इस अमानवीय कृत्य को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है. अभी तक यह रहस्य बना हुआ है कि एक मां ने अपने ही 8 महीने के कलेजे के टुकड़े को सूटकेस में बंद कर मरने के लिए क्यों छोड़ा. पुलिस महिला से पूछताछ कर इसके पीछे की असली वजह जानने में जुटी है.



