CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

8​​​ साल पुरानी रंगदारी का मामला बना फायरिंग की वजह? जमानत पर बाहर आए आरोपी ने युवक पर चलाई गोलियां

8​​​ साल पुरानी रंगदारी का मामला बना फायरिंग की वजह? जमानत पर बाहर आए आरोपी ने युवक पर चलाई गोलियां

मेरठ, उत्तर प्रदेश: मेरठ के लिसाड़ी गेट इलाके में सोमवार रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब बाइक सवार एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर गली में टहल रहे एक व्यक्ति पर फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए पीड़ित ने पड़ोसी के घर में शरण ली। आरोप है कि हमलावर ने करीब आठ साल पहले उसकी बहन से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी और अब पुराने मामले में समझौता करने का दबाव बना रहा था।

इत्तेफाक नगर निवासी भूरा के मुताबिक, करीब आठ साल पहले शादाब नाम के व्यक्ति ने उसकी बहन से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में शादाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फिलहाल यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

12 दिन पहले ही जमानत पर जेल से आया था बाहर

भूरा ने बताया कि करीब एक महीने पहले शादाब गांजा तस्करी के मामले में जेल गया था। लगभग 12 दिन पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था। आरोप है कि पुराने रंगदारी के मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने के लिए उसने सोमवार रात भूरा को निशाना बनाया।

पीड़ित के अनुसार, रात करीब 11 बजे वह अपनी गली में टहल रहा था। इसी दौरान शादाब अपने दो साथियों के साथ बाइक से वहां पहुंचा और उस पर गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई।

पड़ोसी के घर में घुसकर बचाई जान

गोलियां चलने पर भूरा ने भागकर पड़ोसी के घर में शरण ली और अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही सीओ कोतवाली संग्राम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

सीओ के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

दूसरे विवाद में मारपीट और पथराव

इसी इलाके में गाली-गलौज के विरोध को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव की एक अन्य घटना भी सामने आई। जानकारी के अनुसार, साबिर के बेटे अल्लू और पड़ोसी मन्नू के बीच कहासुनी हुई थी। विरोध करने पर मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।

सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Satya Report Disclaimer: यह रिपोर्ट उपलब्ध समाचार जानकारी और शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply