बिहार के बेतिया में हथियार बदमाशों ने 30 करोड़ से भी अधिक की डकैती को अंजाम दिया है. शहर के व्यस्ततम सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में बुधवार की दोपहर घुसे बदमाशों ने सभी कर्मचारियों को बंधकर बनाकर दोनों फ्लोर से सारा माल समेट लिया. यह पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक बदमाशों की संख्या 8 या 9 हो सकती है. सीसीटीवी फुटेज देखने से पता चलता है कि सभी बदमाश हथियारबंद थे.बदमाशों ने शोरूम में घुसने के साथ ही कर्मचारियों को बंधक बना लिया. इस दौरान जिसने भी विरोध करने की कोशिश की, उसके साथ जमकर मारपीट की गई. खासतौर पर यहां तैनात सुरक्षा गार्ड को पिस्टल के बट से मारकर सर फोड़ दिया.
दोनों फ्लोर से समेट ले गए सोनाचांदी
पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने दोनों फ्लोर पर रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषण समेट लिए और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. वारदात की सूचना मिलते ही शहर में हड़कंप मच गया. आनन फज्ञनन में डीआईजी के नेतृत्व में एसपी, डीएसपी समेत जिले के तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान और धरपकड़ में जुटी है.
30 करोड़ से ऊपर की हुई डकैती
पुलिस के मुताबिक अभी तक शोरूम से कितनी मात्रा में और कितने मूल्य के आभूषणों की लूट हुई है, इसका सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है. हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि यह डकैती 30 करोड़ से अधिक की हो सकती है. सही आंकड़ा निकालने के लिए शोरूम मालिक ने अपने कर्मचारियों के साथ स्टॉक मिलान का काम शुरू कर दिया है.
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
बेतिया के सबसे भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. बड़ी बात यह कि बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए, लेकिन किसी ने उन्हें पकड़ने या वारदात के दौरान पुलिस को सूचना देने की भी कोशिश नहीं की. अब वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस वारदात के जल्द खुलासे का दावा कर रही है.



