मशहूर रियलिटी शो स्टार प्रिंस नरूला और एल्विश यादव के बीच की दुश्मनी अब और बढ़ गई है। बीच में ऐसी खबरें आ रही थीं कि दोनों के बीच सब कुछ ठीक हो गया है, लेकिन अब एल्विश यादव ने प्रिंस के साथ काम करने वाले एक प्रोजेक्ट को ठुकरा कर यह साफ कर दिया है कि उनके बीच तनाव अभी खत्म नहीं हुआ है।
पॉडकास्ट में एल्विश यादव का बड़ा खुलासा

हाल ही में एल्विश यादव एक पॉडकास्ट शो में शामिल हुए, जहां उन्होंने प्रिंस नरूला के साथ अपने विवाद पर खुलकर बात की। एल्विश ने साफ शब्दों में कहा, “कोई मुझे किसी ऐसे व्यक्ति के साथ काम करने के लिए मजबूर नहीं कर सकता, जिसके साथ मैं काम नहीं करना चाहता।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और फैंस का मानना है कि अब इन दोनों के बीच कभी दोस्ती नहीं हो सकती।
रोडीज के सेट से शुरू हुई थी दुश्मनी
आपको बता दें कि इन दोनों कलाकारों के बीच विवाद ‘एमटीवी रोडीज’ शो के दौरान शुरू हुआ था, जहां दोनों के बीच कई बार तीखी बहस और झगड़े हुए थे। शो के ग्रैंड फिनाले में प्रिंस नरूला ने एल्विश यादव के ‘सांप के जहर’ वाले विवाद का मजाक उड़ाया था और एल्विश को सांप कहा था। इसी वजह से दोनों के बीच की कड़वाहट और ज्यादा बढ़ गई।
धमकी और गाना ब्लर करने के आरोप
शो खत्म होने के बाद भी दोनों की लड़ाई जारी रही। प्रिंस नरूला ने आरोप लगाया था कि एल्विश ने उन्हें कुछ लोगों से धमकी भरे फोन करवाए हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर भी दोनों ने एकदूसरे के खिलाफ काफी बयानबाजी की। विवाद इतना बढ़ गया था कि प्रिंस नरूला ने अपने ‘बोलेरो’ गाने से एल्विश यादव का चेहरा तक धुंधला करवा दिया था।




