वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 15 साल की उम्र में जिस तरह से उन्होंने पूरे वर्ल्ड क्रिकेट को अपनी प्रतिभा से हैरान कर दिया उसकी चर्चा पिछले कुछ महीनों से लगातार हर जगह देखने तो मिल रही है। आईपीएल 2026 सीजन में कुल 776 रन बनाने के साथ ऑरेंज कैप जीतने वाले वैभव सूर्यवंशी को लेकर टीम इंडिया में शामिल किए जाने पर कई पूर्व दिग्गजों ने अपना रिएक्शन दिया भी दिया था। वहीं 6 जून को जब बीसीसीआई ने आयरलैंड और इंग्लैंड के अलावा एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान किया तो उसमें वैभव का नाम शामिल था, जिसके बाद अब इंग्लैंड के अखबारों में वैभव का जलवा देखने को मिला है जिसको लेकर इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच लॉर्ड्स टेस्ट मैच के चौथे दिन के खेल में चर्चा भी हुई।

इंग्लैंड में वैभव को खेलते देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे फैंस
लॉर्ड्स टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल शुरू होने से पहले भारतीय टीम के स्क्वाड में शामिल किए गए वैभव सूर्यवंशी को लेकर चर्चा देखने को मिली। इस दौरान ब्रॉडकास्टर स्काई स्पोर्ट्स के शो पर पूर्व खिलाड़ी माइकल आथर्टन के साथ मार्क बाउचर भी शामिल थे, जिसमें इंग्लैंड में छपे 7 जून के अखबारों में वैभव सूर्यवंशी की खबरों को लेकर चर्चा की जा रही थी, जिसमें साफतौर पर सभी 15 साल के खिलाड़ी को इंग्लैंड में खेलते हुए देखने का काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं इस दौरान मौजूद एक्सपर्ट ने कहा कि उन्हें इस बात की उम्मीद है कि वैभव के चयन से सबसे ज्यादा खुशी ईसीबी को हुई होगी, जिसमें वह अब और अधिक टिकट को बेच सकेगा। वहीं एक एक्सपर्ट ने आईपीएल 2026 सीजन में वैभव के स्ट्राइक रेट को लेकर कहा कि 224 पूरे टूर्नामेंट के दौरान क्या जबरदस्त प्रदर्शन है।
पिछले साल अंडर19 टीम के साथ किया था इंग्लैंड का दौरा
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी पिछले साल अंडर19 टीम के साथ इंग्लैंड के दौरे पर खेली गई रेड बॉल और लिमिटेड ओवर्स सीरीज में खेलने के लिए गए थे। ऐसे में अब सीनियर टीम में जगह मिलने के बाद उन्हें पिछले दौरे पर मिले अनुभव का लाभ जरूर मिलेगा जिसमें उन्हें खुद को वहां के हालात में ढालने में ज्यादा दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले आयरलैंड में 2 टी20 मैच खेलने हैं जिसमें वैभव के डेब्यू की सबसे ज्यादा उम्मीद जताई जा रही है।



