हरिद्वार: उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में चंडी देवी रोपवे मार्ग पर मिली एक अज्ञात महिला की लाश के मामले में पुलिस ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। हरिद्वार पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक जटिल ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझा लिया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के बांदा की रहने वाली कौशल्या के रूप में हुई है, जिसकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही प्रेमी ने अपने भाई और जीजा के साथ मिलकर की थी।

पुलिस के मुताबिक, कौशल्या पहले से शादीशुदा थी और अपने प्रेमी रामप्रकाश उर्फ गोविंदा पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी। रामप्रकाश इस शादी के लिए तैयार नहीं था और उसने कौशल्या को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली। वह दर्शन कराने के बहाने कौशल्या को करीब 700 किलोमीटर दूर हरिद्वार लाया। यहाँ चंडी देवी रोपवे के पास रामप्रकाश ने अपने भाई राकेश और जीजा छेदीलाल के साथ मिलकर कौशल्या का गला घोंट दिया और शव फेंककर फरार हो गए। 10 मई को पुलिस को उसकी लाश बरामद हुई थी।
इस केस में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती लाश की शिनाख्त करना था। पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए देश भर में ‘कौशल्या’ नाम की 3540 महिला वोटरों का डेटा खंगाला और पिछले 7 वर्षों में लापता हुई इस नाम की 164 महिलाओं की लिस्ट निकाली। आखिरकार, कड़ी मशक्कत और CCTV फुटेज की मदद से कड़ियां जुड़ती गईं और पुलिस ने बुंदेलखंड से तीनों आरोपियों को दबोच लिया।



