दिल्ली के मालवीय नगर के होटल में लगी आग की घटना रूह कंपाने वाली थी. इस हादसे में 21 लोगों की जान चली गई. हौज रानी के B&B में लगी आग की घटना के मामले में पुलिस ने शनिवार को केशव नेगी नाम के शख्स को अरेस्ट किया है. उत्तराखंड के केशव की गिरफ्तारी के बाद जमकर बवाल मचा हुआ है. केशव पर आरोप है कि उनकी वजह से इस हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ गई. केशव दिल्ली के ही दिलशाद गार्डन में रहते हैं. वो फ्लोरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट’ में बतौर कुक काम कर रहे थे. इस मामले में पुलिस ने ये कहा था कि कुक की लापरवाही भी आग का कारण थी. कोर्ट ने केशव को दो दिन की पुलिस रिमांड में भेजा है.

उत्तराखंड से केशव नेगी के समर्थन में आवाजें भी उठ रही हैं. इस मामले पर सीएम पुष्कर सिंह धामी और रेखा गुप्ता के बीच बातचीत हुई है. रविवार को हुई इस बातचीत में सीएम पुष्कर ने कहा कि केशव के मामले को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सॉल्व किया जाना चाहिए. सीएम धामी ने उत्तराखंड के प्रवासी कामगारों और उनके परिवारों के प्रति समर्थन जाहिर किया. उन्होंने कहा कि उनकी बातचीत का मुख्य उद्देश्य ये था कि प्रवासी समुदाय के अधिकारों की रक्षा की जाए.
केशव नेगी पर क्या आरोप?
केशव 65 साल के हैं और दिलशाद गार्डन में रहते हैं. वो मालवीय नगर के हौज रानी में ‘फ्लोरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफ़ास्ट’ में कुक हैं. पुलिस ने बताया कि नेगी से लगभग 6 घंटे तक पूछताछ के बाद उन्हें अरेस्ट किया गया. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, केशव ने बताया कि किचन में इलेक्ट्रिक स्टोव चालू करने के कुछ ही देर बाद आग लग गई. उन्होंने कहा कि उपकरण में खराबी के कारण आग लग गई. उन्होंने बताया कि आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई. वहीं पुलिस का आरोप है कि घने धुएं और अफरातफरी के बीच, नेगी ने B&B की मेन पावर सप्लाई बंद कर दी और वहां से भाग गए.
केशव ने बताया कि घटना के दौरान बिजली की सप्लाई कट गई, जिसका असर भी बिल्डिंग के सुरक्षा सिस्टम पर बहुत बुरा पड़ा. आधिकारिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिजली जाने से इलेक्ट्रॉनिक एग्जिट सिस्टम काम नहीं कर पाए, जिससे धुएं और आग के फैलने पर लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया. माना जा रहा है कि कई लोग सुरक्षित बाहर नहीं निकल पाए क्योंकि इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के काम करना बंद करने से बाहर निकलने के मुख्य रास्ते बंद हो गए थे. पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि जांच में कुक की लापरवाही सामने आई है, जिसकी वजह से ऐसी स्थिति बनी जिससे मौतें हुईं.
आज होगी कोर्ट में पेशी
दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड के मामले में गिरफ्तार कुक केशव नेगी की आज कोर्ट में पेशी है. 2 दिनों की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद आज दिल्ली पुलिस साकेत कोर्ट में पेश करेगी. केशव की पेशी से पहले कोर्ट परिसर में पुलिस टीमों को तैनात कर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. शनिवार को साकेत कोर्ट ने नेगी को 2 दिनों की पुलिस रिमांड में भेजा था. दिल्ली पुलिस का आरोप है कि केशव सिंह नेगी की लापरवाही से ही आग लगी थी.
संजीव झा ने क्या कहा?
आम आदमी पार्टी विधायक संजीव झा ने कहा कि मालवीय नगर अग्निकांड में हुई मौतें बेहद पीड़ादायक हैं. पीड़ित परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं. लेकिन जांच के नाम पर केवल केशव नेगी को निशाना बनाना कई सवाल खड़े करता है. अगर होटल में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई, तो उसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और बड़े से बड़े दोषी पर कार्रवाई होनी चाहिए. किसी गरीब कर्मचारी को बलि का बकरा बनाकर असली जिम्मेदारों को बचाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी.



