
पंजाब के जालंधर में नेशनल आई अस्पताल के डॉक्टर पीयूष की पत्नी डॉक्टर मीनाक्षी की मौत मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. डॉक्टर मीनाक्षी का शव बुधवार को कमरे में फंदे पर लटका मिला था. कहा जा रहा है कि उन्होंने सुसाइड कर लिया. अब उनके परिजनों ने डॉक्टर पीयूष पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
मीनाक्षी के पिता प्रमोद ने बताया कि उनकी बेटी की शादी अक्टूबर 2018 में हुई थी. शादी के बाद उसने थार ली थी. इसकी किस्तें वह अपनी सैलरी से भर रही थी. इस बीच डॉ. पीयूष ने बिना बताए मीनाक्षी के नाम पर ढाई करोड़ रुपये का लोन ले लिया था.
दामाद के थे अवैध संबंध
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में ही काम करने वाली लड़की के साथ उनके दामाद के अवैध संबंध थे. बेटी को इसका शक हुआ तो उसने अस्पताल के सीसीटीवी खंगाले. इसमें डॉक्टर पीयूष के उस लेडी के साथ संबंध की पुष्टि हुई. ये फुटेज पुलिस को भी दी है. डॉक्टर पीयूष मेरी बेटी को पीटता था. उसने उसे पहले भी गला घोंटकर मारने की कोशिश की है.
वहीं मीनाक्षी की मां ने बताया कि दामाद का नर्स के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था, जिसकी वजह से उनकी बेटी से मारपीट की जाती थी. दामाद कई बार मारपीट करने के बाद फोन कर देता था कि मैंने मीनाक्षी को पीट दिया है. मुझसे गलती हो गई.
उन्होंने कहा कि अभी तो सुसाइड की बात कही जा रही है, लेकिन हमें नहीं पता कि सुसाइड किया है या कत्ल है. पोस्टमार्टम होगा, तभी पता चल पाएगा कि असली कारण क्या है? मेरी बेटी के नाम पर पीयूष ने लोन लिया था. कुछ लोन गाड़ी पर था तो कुछ अस्पताल के नाम पर था.
पीयूष से अलग रहने लगी थी मीनाक्षी
मीनाक्षी की मां ने कहा कि बेटी मार पिटाई से तंग थी, इसलिए वह डॉक्टर पीयूष से अलग रहने लगी. जुलाई 2025 से बेटी अलग रह रही थी. इस महीने में वह अपना मकान लेने का प्लान बना रही थी. मकान लेने के लिए कुछ दिन पहले जब बैंक में गई तो पता चला कि उनके नाम पर ढाई करोड़ रुपये का लोन चल रहा है. कागजों पर उसके साइन भी नहीं थे.
पिता ने बताया कि मीनाक्षी तलाक लेना चाहती थी. उन्होंने बेटी को कहा था कि कोर्ट से तलाक करवा देते हैं, कुछ देर रुक जाओ. इस बीच लोन की बात पता चल गई, जिससे बेटी परेशान हो गई. वह कपूरथला के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर थी. पिता ने कहा कि पीयूष ने बेटी को मरने के लिए मजबूर किया है. उनकी मांग है कि पुलिस पीयूष को गिरफ्तार कर हमें इंसाफ दिलाए.
आरोपी बंद आ रहा है फोन
दूसरी तरफ पुलिस बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला डॉक्टर का अपने पति के साथ विवाद चल रहा था. मामले में पुलिस ने BNS की धारा 106 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है. फिलहाल आरोपी पति का फोन बंद आ रहा है.
सीसीटीवी फुटेज वायरल
इस बीच सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है. दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में डॉक्टर पीयूष नर्स को किस करता दिख रहा है. इसी फुटेज के बाद पति-पत्नी में विवाद बढ़ गया था.



