
थाना पुलिस टीम ने दो अभियुक्तों को मुखबिर की सूचना पर चोरी की पांच बाइकों, तमंचा एवं जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे अभियुक्त से पुलिस पूछताछ कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चोरी की घटनाओं के सफल अनावरण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना टूंडला पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पुराना बाईपास रोड, राजा का ताल, गेल गैस के पीछे झाड़ियों में चोरी की बाइकों को छिपाकर ग्राहकों को बुलाकर बेचने की फिराक में खड़े दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम को नजदीक आता देख अभियुक्तों ने खुद को घिरता हुआ पाकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। थाना टूंडला पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान विकास पुत्र मुरलीधर, निवासी हुमायूंपुर थाना दक्षिण, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई। वहीं दूसरे अभियुक्त योगेश पुत्र नरेश चंद्र, निवासी सीएल जैन के पीछे, हुमायूंपुर थाना दक्षिण, जनपद फिरोजाबाद को मौके से गिरफ्तार किया गया। घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई दो बाइक, थाना मटसेना क्षेत्र से चोरी की गई एक बाइक तथा जनपद आगरा के थाना एत्माद्दौला एवं थाना एत्मादपुर क्षेत्र से चोरी की गई एक-एक बाइक सहित कुल पांच चोरी की बाइकें बरामद की गईं। साथ ही एक-एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस एवं तीन खोखा कारतूस भी बरामद किए गए।



