
Bengaluru Crime: बेंगलुरु में महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर 6 साल की बेटी की हत्या कर दी. पिता की शिकायत पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
Bengaluru Child Murder Case: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी 6 साल की बेटी की हत्या कर दी, क्योंकि उसकी बच्ची सांवली थी. हत्या के 3 महीने बाद सच तब सामने आया जब वकील और उसका प्रेमी एग सैंपल देने के लिए बेंगलुरु के एक आईवीएफ सेंटर गए. जांचकर्ताओं को एक नया पहलू पता चला है. जिसको लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं इस जोड़े ने बच्ची की मौत से पहले ही इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) की प्रक्रिया शुरू तो नहीं कर दी थी. हालांकि, अभी इसको लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है.
इस पूरे मामले को लेकर बच्ची के असली पिता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की है. जिसके बाद पता चला कि मां वकील प्रियंका पी और उसके प्रेमी मोहन एमजी दूसरे बच्चे की योजना बनाने के लिए एक आईवीएफ सेंटर गए थे.
अक्सर अस्पताल जाते था प्रेमी जोड़ा
पुलिस सूत्रों के हवाले से सामने आ रही जानकारी के अनुसार, यह जोड़ाल अक्सर अस्पताल जाता था. जहां आईवीएफ प्रक्रिया के तहत कथित तौर पर एग सैंपल लिया गया था. इसकी वजह से शक पैदा हो रहा है कि हो सकता है कि जोड़े ने बच्ची के सांवले रंग की वजह से उसकी हत्या कर दी हो. हालांकि, पुलिस अभी किसी पक्के नतीजे पर नहीं पहुंची है और जांच जारी है.
पुलिस ने मां को किया गिरफ्तार
इस बीच, 7 दिन की तलाश के बाद पुलिस ने गुरुवार को आरोपी वकील प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया है. उसे बेंगलुरु से लगभग 220 किलोमीटर दूर हासन जिले के सकलेशपुर में एक फार्महाउस से पकड़ा गया. इस पूरे मामले पर पुलिस का बयान सामने आया है. जिसमें बताया गया कि भागने के दौरान उसने कथित तौर पर दो बार अपनी जगह बदली; पहले वह सकलेशपुर के बाहरी इलाके में एक सुनसान कमर्शियल रिसॉर्ट में दो-तीन दिन रुकी और फिर ‘चिरू’ नाम के एक आपसी परिचित के फार्महाउस पर चली गई. कोर्ट ने प्रियंका को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है.
चलती कार में बच्ची की गला दबाकर हत्या
प्रियंका से अलग हो चुके पति प्रवीण ने 4 जून को कडुगोडी पुलिस स्टेशन में प्रियंका और मोहन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. इसके कुछ समय बाद मोहन को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस पूछताछ के दौरान, उसने कथित तौर पर कार के अंदर बच्ची के साथ मारपीट करने और गला घोंटकर उसकी हत्या करने की बात कबूल की. पुलिस इस पूरे मामले में इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अपराध के पीछे की वजह क्या है? बच्ची की मौत में उसकी भूमिका है या नहीं? इसके अलावा, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बेटी के सांवलेपन की वजह से हत्या की गई है या नहीं? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की जांच पूरी होने के बाद हीं सामने आएंगे.



