
मध्य प्रदेश के नागौद राजघराने के राजा रूपेंद्र सिंह का सुनीता परिहार के साथ प्रेम संबंध चल रहा था. एक दिन जब गढ़ी में दोनों परिवारों के बीच सुलह को लेकर बातचीत चल रही थी. तभी सुनीता ने रूपेंद्र सिंह की पत्नी योगिता सिंह को गोली मार दी.
Nagod Rajgharana: मध्य प्रदेश के नागौद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. नागौद के परसमनिया गढ़ी में अचानक गोलियों की आवाज से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई. लोग बाहर की ओर भागे. खून से लथपथ एक महिला को अस्पताल ले जाया गया. जिसके बारे में बताया जा रहा है कि वो महिला नागौद राजघराने की बहू योगिता सिंह है. वह राजा रूपेंद्र सिंह की पत्नी है. इलाके में रूपेंद्र सिंह को बाबा राजा के नाम से भी जाना जाता है.
इसके अलावा, ये भी जानकारी सामने आ रही है कि रूपेंद्र सिंह नागौद राजपरिवार से ताल्लुक रखते हैं और बीजेपी विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे हैं.
पुलिस ने सुनीता परिहार को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस पूरे मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनीता परिहार को गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के दौरान सुनीता को पुलिस स्टेशन में मुस्कुराते हुए देखा गया. सुनीता के बारे में जानकारी सामने आ रही है कि वो रूपेंद्र सिंह की गर्लफ्रेंड हैं. वे पिछले छह से सात साल से रिश्ते में हैं.
क्या है पूरा मामला?
भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, योगिता सिंह राजनीति में सक्रिय रही हैं और पहले परसमनिया गांव की सरपंच रह चुकी हैं. कुछ साल पहले तक योगिता और रूपेंद्र सिंह का वैवाहिक जीवन सामान्य था; इस जोड़े का 20 साल का बेटा भी है. हालात करीब सात साल पहले बदलने लगे. परिवार के करीबी लोगों का कहना है कि इसी दौरान सुनीता परिहार की रूपेंद्र सिंह की जिंदगी में एंट्री हुई. इसके बाद पति-पत्नी के बीच दूरियां बढ़ गईं और विवाद लगातार गहराता गया.
परसमनिया गढ़ी में रहने लगे रूपेंद्र और सुनीता
शुरुआती तीन-चार साल तक रूपेंद्र सिंह और सुनीता सतना की लोटस सिटी स्थित एक फ्लैट में साथ रहे. वहीं योगिता अपने बेटे के साथ परसमनिया गढ़ी में रहती थीं. इस दौरान रूपेंद्र का अधिकांश समय सुनीता के साथ गुजरता था, जिससे पति-पत्नी के रिश्तों में और खटास आ गई. इसके बाद रूपेंद्र के पिता के निधन के बाद सनीता परसमनिया गढ़ी में आकर रहने लगी. दूसरी तरफ योगिता सिंह का परिवार भी राजघराने से ताल्लुक रखते हैं. उनके पिता और भाई को लगा कि मामला बातचीत से सुधर जाएगा. लेकिन हालात नहीं सुधरे.
समझौते के लिए गढ़ी पहुंचा था योगिता का परिवार
रूपेंद्र और योगिता के बीच सुलह करवाने के लिए योगिता के माता-पिता, भाई और अन्य रिश्तेदार उदयपुर से नागौद पहुंचे थे. गुरुवार को सभी लोग परसमनिया गढ़ी पहुंचे, जहां पहले से रूपेंद्र और सुनीता मौजूद थे. दोनों परिवारों के बीच बातचीत के दौरान पुरानी बातों को लेकर विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया. जिसको लेकर योगिता की मां नरेंद्र कुमारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि विवाद के दौरान रूपेंद्र ने योगिता को धक्का देकर कमरे से बाहर निकाल दिया और दरवाजा बंद कर लिया. इसके बाद खिड़की की तरफ से सुनीता परिहार ने फायरिंग शुरू कर दी.
योगिता की हालत स्थिर
गोली लगने के बाद योगिता को आनन फानन में सतना के अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर रीवा के विंध्य मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहां डॉक्टरों ने देर रात तक उनका ऑपरेशन किया. शुक्रवार सुबह योगिता को होश आ गया. फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.



