
Govindpuri Fire Conspiracy: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में स्कूटी में जानबूझकर आग लगाने की साजिश ने 4 लोगों की जान ले ली। शुरुआत में इसे हादसा समझा जा रहा था, लेकिन जब जांच की गई तो कुछ और ही खुलासा हुआ। दरअसल, 12 जून की रात करीब 2 बजकर 24 मिनट पर टीकेडी एक्सटेंशन में आग लग गई, बतादें तुगलकाबाद में ये एक बहुमंजिला इमारत है, ये आग इतनी भीषण थी की ग्राउंड फ्लोर से शुरू होकर 5वीं मंजिल तक तेजी से फैलती चली गई।
इस घटना में 8 लोग बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 4 लोगों की मौत हो गई, जिसमें पंकज, सुशीला देवी और सोनिया कुमारी नाम शामिल है।
CCTV फुटेज से खुला राज
दिल्ली पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो एक महिला को आग लगने से पहले बिल्डिंग में घुसते देखा। आगे जांच में 17 साल की नाबालिग लड़की की पहचान हुई, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पूछताछ में लड़की ने बताया कि गोविंदपुरी के गिरिनगर की रहने वाली सरिता (27) ने उसे पेट्रोल और माचिस देकर दीपक की स्कूटी में आग लगाने को कहा था। दीपक और सरिता के बीच पैसे को लेकर विवाद चल रहा था।
आग लगाने वाली सरिता ने पूछताछ में खुलासा किया कि इस पूरी साजिश को उसके साथी निरंजन (33) और उसके भाई राजकुमार (27) ने रचा था। दोनों नवजीवन कैंप के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, व्यक्तिगत रंजिश और बदला लेने के लिए उन्होंने ये योजना बनाई थी।
नाबालिग लड़की समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अब मामले में आपराधिक साजिश, गैर इरादतन हत्या, हत्या के प्रयास, आग लगाकर नुकसान पहुंचाने और रात में घर में घुसपैठ जैसी गंभीर धाराएं जोड़ दी हैं। नाबालिग लड़की समेत सभी 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को अंदाजा नहीं था कि छोटी सी आग इतनी भयानक रूप ले लेगी और पूरी इमारत को निगल जाएगी। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दूसरी ओर स्थानीय लोग आग की घटना को लेकर काफी आक्रोशित हैं और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



