
Image: X
CM Yogi met the farmers: नोएडा के जेवर एयरपोर्ट से शुरू हुई कमर्शियल फ्लाइट्स के बाद उत्तर प्रदेश के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं है। इस खास अवसर पर एक भावुक पल भी देखने को मिला जब सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा से आए लखनऊ पहुंचे किसानों का स्वागत किया।
दरअसल, नोएडा के जेवर क्षेत्र के 170 किसान और खेतिहर मजदूर पहली बार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर लखनऊ पहुंचे। किसानों ने कहा कि जिस जमीन पर कभी वे खेती किया करते थे, आज उसी जमीन पर बने एयरपोर्ट से विमान में सफर कर राजधानी पहुंचना उनके लिए भावुक और यादगार अनुभव है। वहीं जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि ये प्रधानमंत्री के सपनों का जीता जागता उदाहरण है।
किसानों से मिलकर क्या बोले CM योगी?
गौतमबुद्ध नगर के जेवर एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी भूमि समर्पित करने वाले 172 किसान इंडिगो एयरलाइंस की स्पेशल फ्लाइट से लखनऊ आए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भावुक होकर अन्नदाताओं का स्वागत किया और कहा कि ‘अन्नदाता हमारे राष्ट्र की समृद्धि के आधार हैं। प्रदेश की विकास यात्रा में किसानों की सहभागिता और उनके योगदान का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।’ सीएम योगी ने पोस्ट कर लिखा- ‘अन्नदाताओं का अभिनंदन, समृद्ध भारत का वंदन’ के भाव के साथ हर किसान की प्रगति के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।



