CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

खेलने-कूदने की उम्र में बने बाइक चोर! 4 नाबालिग 10 चोरी की बाइकों के साथ गिरफ्तार..

खेलने-कूदने की उम्र में बने बाइक चोर! 4 नाबालिग 10 चोरी की बाइकों के साथ गिरफ्तार..

वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुरार थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए चार नाबालिग वाहन चोरों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग इलाकों से चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस पूरी कार्रवाई में शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर तंत्र की अहम भूमिका रही।

सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर ने खोला चोरों का राज

वाहन चोरों के खिलाफ यह कार्रवाई एएसपी (ASP) सियाज के.एम. की टीम के मार्गदर्शन में की गई। दरअसल मुरार थाना क्षेत्र से कुछ दिन पहले एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। पुलिस ने जब इस मामले की जांच शुरू की तो जनभागीदारी से क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दो संदिग्ध युवक बाइक ले जाते हुए साफ दिखाई दिए।

इसके बाद पुलिस ने तुरंत अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि टीपीटी लाइन मोहनपुर बड़ागांव जंगल के पास चार लड़के चोरी की बाइकों के साथ किसी वारदात या ग्राहक की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों को धर दबोचा जो पूछताछ में नाबालिग निकले।

झांसी रोड, गोला का मंदिर और तिघरा से चुराई थीं बाइकें

मुरार पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में चारों नाबालिगों ने वाहन चोरी के इस काले कारोबार का सच उगल दिया। उन्होंने कबूल किया कि 6 जून को उन्होंने मुरार के बारादरी चौराहे से स्प्लेंडर बाइक चोरी की थी।

इसके अलावा उन्होंने शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों जैसे झांसी रोड, गोला का मंदिर और तिघरा थाना क्षेत्र से भी 9 अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने इन आरोपियों की निशानदेही पर तत्काल छापेमारी कर अलग-अलग ठिकानों से कुल 10 चोरी की गाड़ियां जब्त कर ली हैं।

अन्य चोरियों का भी हो सकता है खुलासा

मुरार थाना पुलिस ने सभी बरामद वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन नाबालिग चोरों से पूछताछ का सिलसिला अभी जारी है। आशंका जताई जा रही है कि इनसे आगे की पूछताछ में शहर में हुई वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों का भी बड़ा खुलासा हो सकता है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply