CrimeIndiaRajasthanTrending

कर्ज ने बना दिया कातिल! पड़ोसन ने चाय पर बुलाकर बुजुर्ग महिला को उतारा मौत के घाट..

कर्ज ने बना दिया कातिल! पड़ोसन ने चाय पर बुलाकर बुजुर्ग महिला को उतारा मौत के घाट..

: राजस्थान के टोंक जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर दिया है। महज 25 लाख रुपये के कर्ज के बोझ तले दबी एक महिला ने अपनी ही 70 वर्षीय बुजुर्ग पड़ोसन को मौत के घाट उतार दिया। दरिंदगी की हद तो तब पार हो गई, जब कातिल महिला ने बुजुर्ग को घर चाय पर बुलाकर पहले कुल्हाड़ी से मार डाला, फिर उनके गहने लूटने के लिए शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

कचरे के ढेर में मिली लाश, हिल गई पूरी पुलिस महकमा

यह खौफनाक मामला मेहंदवास थाना इलाके के लवादर गांव का है। 12 जून की सुबह जब ग्रामीण रास्ते से गुजर रहे थे, तो उन्हें कचरे के ढेर से तेज दुर्गंध आई। आवारा कुत्ते वहां पड़े कट्टों को नोंच रहे थे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब बोरे खोले तो नजारा देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए। बोरे में 70 वर्षीय हरबाई गुर्जर की सिर कटी लाश के टुकड़े भरे थे। पहचान छिपाने के लिए कातिल ने बुजुर्ग के हाथ और पैर के पंजे भी शरीर से अलग कर दिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया और जांच शुरू की गई।

25 लाख का कर्ज और रची गई खौफनाक साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका हरबाई गुर्जर अपनी झोपड़ी में अकेली रहती थी और अक्सर चांदी के भारी गहने पहने रहती थी। वहीं, उनकी पड़ोसन 58 वर्षीय रसाल देवी भी घर में अकेली थी। पूछताछ में रसाल देवी के सिर पर 25 लाख रुपये के कर्ज का खुलासा हुआ। पति की मौत के बाद छोड़े गए 10 लाख के कर्ज, बेटों की शादी और इलाज के खर्च के बोझ ने उसे इतना मजबूर कर दिया कि उसने अपनी ही पड़ोसन को लूटने की खौफनाक साजिश रच डाली।

चाय का बहाना और बर्बरता की पराकाष्ठा

आरोपी रसाल ने योजना के मुताबिक 9 जून को हरबाई को चाय पर घर बुलाया। जैसे ही बुजुर्ग महिला अंदर आई, रसाल ने कुल्हाड़ी के पिछले भारी हिस्से से उनके सिर पर वार कर उन्हें बेहोश कर दिया। इसके बाद उसने कुल्हाड़ी से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। गहने आसानी से निकालने के लिए उसने बुजुर्ग के हाथ-पैर के पंजे काटे और शरीर के टुकड़े कर कट्टों में भर दिए। दो दिनों तक लाश घर में रखने के बाद, उसने रात के अंधेरे में शव को कचरे के ढेर पर फेंक दिया।

10 थानों की पुलिस और गुजरात तक तलाशी

घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 थानों के प्रभारियों, डीएसटी और एएसपी की टीम गठित की। पुलिस ने गांव से लेकर जंगलों और गुजरात तक सुराग तलाशे। हरबाई के अकेले रहने के कारण पुलिस का शक पहले से ही किसी करीबी पर था। जब पुलिस ने सख्ती से रसाल देवी से पूछताछ की, तो वह टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और लूटे गए चांदी के गहने बरामद कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी महिला को पुलिस ने जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply