जब से Cocktail 2 ट्रेलर रिलीज हुआ है दर्शक अंदाजा लगा रहे हैं कि क्या इस फिल्म में कृति सेनन और रश्मिका मंदाना के बीच लेस्बियन एंगल दिखाया जाएगा?

शाहिद कपूर, कृति सेनन, रश्मिका मंदाना स्टारर ‘कॉकटेल 2’ की रिलीज का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। जब से फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ है तब से दर्शक इसी बात का अंदाजा लगा रहे हैं कि क्या इसमें पहली कॉकटेल की तरह लव ट्रायंगल होगा या फिर कृति और रश्मिका के बीच लेस्बियन एंगल दिखाया जाएगा?
कृति सेनन ने तोड़ी चुप्पी
इन अफवाहों और सवालों के बीच अब कृति सेनन ने खुद चुप्पी तोड़ दी है। एक्ट्रेस ने उन अफवाहों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है जिनमें कहा जा रहा था कि फिल्म लेस्बियन रोमांस पर आधारित है। एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान इस बारे में बात करते हुए, एक्ट्रेस ने साफ किया कि फिल्म में दिखाए गए रिश्तों को लेकर लोगों ने काफी गलतफहमी पाल रखी है।
बातचीत तब शुरू हुई जब एक इवेंट के दौरान दर्शकों में से एक ने उन रिपोर्ट्स का जिक्र किया जिनमें दावा किया गया था कि कृति और रश्मिका मंदाना के किरदारों के बीच रोमांटिक रिश्ता है। जहां रश्मिका इस बात पर जोर से हंस पड़ीं, वहीं कृति ने सीधे जवाब देते हुए कहा, ‘इसमें कोई लेस्बियन कहानी नहीं है’। इसके बाद रश्मिका ने कहा कि भले ही स्क्रीन पर दोनों किरदारों के बीच जबरदस्त केमिस्ट्री है, लेकिन फिल्म सेमसेक्स रोमांस पर आधारित नहीं है।
फिल्म के तीन लीड रोल के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘हम तीनों स्ट्रेट लोग हैं। यह सिर्फ इमोशनल थ्रीसम है, फिजिकल नहीं’। एक्टर्स की ये बातें ट्रेलर और कहानी को लेकर हफ्तों से चल रही अटकलों के बाद सामने आई हैं।
‘कॉकटेल 2’ के बारे में
होमी अदजानिया के डायरेक्शन में बनी ‘कॉकटेल 2’ में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में हैं। ट्रेलर से पता चलता है कि कहानी प्यार, दोस्ती, इमोशनल उतारचढ़ाव और ड्रामा पर आधारित है, साथ ही इसमें कॉमेडी के पल भी हैं।
ट्रेलर के सबसे खास पलों में से एक में शाहिद का किरदार प्यार को एक फटी हुई टीशर्ट बताता है, जिसे लोग बारबार पहनते हैं क्योंकि वह आरामदायक लगती है। फिल्म में कृति और रश्मिका के किरदारों के बीच की गहरी दोस्ती भी दिखाई गई है, जो शाहिद के किरदार का प्यार पाने के लिए एकदूसरे से मुकाबला करती हैं।
‘कॉकटेल 2’ 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।



