Uncategorized

हरियाणवी गायिका से दुराचार, शादी का वादा कर शारीरिक शोषण…

हरियाणवी गायिका से दुराचार, शादी का वादा कर शारीरिक शोषण…

हरियाणा के पलवल से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां की एक मशहूर हरियाणवी स्टेज डांसर और गायिका के साथ यौन शोषण के आरोप में होमगार्ड के सब-इंस्पेक्टर (SI), नागरिक अस्पताल के सरकारी डॉक्टर तथा दो पुलिस हवलदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता का आरोप है कि सब-इंस्पेक्टर ने शादी का झूंठा वादा करके महीनों तक उसका शारीरिक शोषण किया।

थाने में हुई थी मुलाकात
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह करीब चार साल से स्टेज डांस और गायकी के जरिए अपना और अपनी बेटी का गुजारा कर रही है। उसका पति से तलाक हो चुका है। इसी साल फरवरी महीने में वह अपनी बेटी से जुड़े किसी मामले के सिलसिले में पलवल शहर थाने गई थी। वहाँ तैनात हवलदार महेंद्र ने उसकी पहचान होमगार्ड एसआई मनोज कुमार से करवाई थी।


मनोज ने केस सुलझाने में मदद का भरोसा दिया और फरीदाबाद के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। आरोपी ने कहा कि वहां किसी बड़े अफसर से मिलवाना है। होटल पहुंचने पर पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह अचेत हो गई। इसके बाद बेसुध हालत में उसके साथ गलत काम किया गया।

शादी का नाटक कर महीनों तक शोषण करने का आरोप
जब पीड़िता ने होश में आने पर पुलिस में जाने की बात कही, तो आरोपी एसआई मनोज ने उससे शादी करने का वादा कर दिया। इस झांसे में रखकर वह लगातार महिला का यौन शोषण करता रहा। उसने पीड़िता को सेक्टर-2 स्थित एक मकान में भी रखा, जहां उसका गायकी का सारा सामान रखा हुआ था। कुछ समय बाद महिला को सच पता चला कि मनोज पहले से विवाहित है और उसके तीन बच्चे भी हैं।

एसआई के घर में डॉक्टर ने की बदतमीजी
महिला का आरोप है कि एसआई मनोज के साथ हवलदार महेंद्र, हवलदार अंकुर और पलवल सरकारी अस्पताल के डॉक्टर राजेश अक्सर उसके घर आते थे। ये चारों वहां आकर शराब पीते थे और मना करने पर अश्लील फब्तियां कसते थे। एक बार विरोध करने पर डॉक्टर राजेश ने जबरन उसका हाथ तक पकड़ लिया था।

इन चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पलवल शहर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चारों आरोपियों के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान मनोज सिंह (होमगार्ड एसआई, निवासी खानपुर फिरोजपुर झिरका, महेंद्र (हवलदार, निवासी गांव मंढनाका), डॉ. राजेश (चिकित्सक, पलवल सरकारी अस्पताल) और अंकुर (हवलदार, निवासी गांव आलदोका के रूप में हुई है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply