
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर वाहन चोरों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामदेउरवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरजनपदीय वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में श्यामदेउरवा पुलिस टीम ने शुक्रवार को धरमौली नहर से भैंसा पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जितेंद्र साहनी पुत्र लाठी उर्फ तूफानी, निवासी ग्राम चैनपुर, थाना कोठीभार, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के कब्जे से 15 जून को छतिराम देशी शराब भट्ठी क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिल (UP 56 AM 4043) बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह विभिन्न जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल में बेचने का काम करता है। वह बरामद बाइक को भी नेपाल ले जाकर बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र साहनी के खिलाफ कुल 26 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें महराजगंज जनपद में 11, कुशीनगर जनपद में 10 तथा गोरखपुर जनपद में 5 मुकदमे शामिल हैं। आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी परतावल आलोक कुमार राय, उपनिरीक्षक शुभम कुमार चौबे, कांस्टेबल राजू यादव, विकास यादव, मनीष सिंह, पंकज यादव, संतोष प्रजापति एवं आशीष यादव शामिल रहे।



