महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड ने रोमांचक मुकाबले में आयरलैंड को 4 रन से हरा दिया। 141 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए कप्तान अमेलिया केर की शानदार गेंदबाजी ने मैच का रुख पलट दिया और कीवी टीम को टूर्नामेंट में पहली जीत दिलाई।

NZ vs IRE, T20 WC 2026: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड महिला टीम ने शानदार वापसी करते हुए आयरलैंड को 4 रन से हरा दिया। बेहद रोमांचक रहे इस मुकाबले में कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 140 रन बनाए थे, जिसके जवाब में आयरलैंड की टीम जीत के बेहद करीब पहुंचकर भी लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने टूर्नामेंट में अपना खाता खोल लिया है।
वहीं आयरलैंड की टीम को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। ग्रुप2 में न्यूजीलैंड की टीम अब चौथे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि आयरलैंड सबसे निचले पायदान पर बनी हुई है। मैच में एक समय आयरलैंड की जीत लगभग तय नजर आ रही थी, लेकिन कप्तान अमेलिया केर की शानदार गेंदबाजी ने पूरा मैच पलटकर रख दिया।
NZ vs IRE: न्यूजीलैंड की शुरुआत रही बेहद खराब
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम को शुरुआती झटकों का सामना करना पड़ा। टीम ने सिर्फ 10 रन के स्कोर पर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए थे। आयरलैंड की ओर से एमी मैग्वायर और ऑर्ला प्रेंडरगास्ट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कीवी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। मुश्किल परिस्थितियों में कप्तान अमेलिया केर ने 30 रन बनाकर पारी को संभालने का प्रयास किया।
Experience made the difference 💪
With 14 runs to defend in the final over, #SuzieBates held her nerve as New Zealand clinched a thrilling 4run victory over Ireland 👏
ICC Women’s #T20WorldCup 2026 | #NZvIRE pic.twitter.com/dVsFlAgR1w
— Star Sports June 20, 2026
NZ vs IRE: हॉलिडे और शार्प ने संभाली पारी
शुरुआती संकट के बाद ब्रुक हॉलिडे और इजी शार्प ने न्यूजीलैंड की पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 62 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हॉलिडे ने 34 रन बनाए, जबकि इजी शार्प ने 36 रन की अहम पारी खेली। अंतिम ओवरों में अनुभवी सूजी बेट्स ने नाबाद 19 रन बनाते हुए आखिरी गेंद पर छक्का लगाया, जिसकी बदौलत न्यूजीलैंड 20 ओवर में 6 विकेट पर 140 रन तक पहुंचने में सफल रहा।
NZ vs IRE: गैबी लुईस और प्रेंडरगास्ट ने दिलाई जीत की उम्मीद
141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एमी हंटर जल्दी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद कप्तान गैबी लुईस और ऑर्ला प्रेंडरगास्ट ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 110 रन की बेहतरीन साझेदारी कर न्यूजीलैंड पर दबाव बना दिया। प्रेंडरगास्ट ने 59 रन की शानदार पारी खेली, जबकि गैबी लुईस ने भी अर्धशतक जड़कर अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।
NZ vs IRE: अमेलिया केर ने बदला मैच का पूरा रुख
जब लग रहा था कि आयरलैंड आसानी से मुकाबला जीत लेगा, तभी कप्तान अमेलिया केर ने गेंद से कमाल दिखाया। उन्होंने 18वें ओवर में ऑर्ला प्रेंडरगास्ट और रेबेका स्टोकल को आउट कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। इसके बाद रोजमेरी मेयर ने गैबी लुईस का विकेट हासिल कर आयरलैंड की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। आखिरी ओवरों में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और आयरलैंड की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 136 रन ही बना सकी। इस तरह न्यूजीलैंड ने 4 रन से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी पहली सफलता हासिल की।



