
कोल्हापुर रैली में गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि सिर्फ एक शिवसेना है और उसके प्रमुख एकनाथ शिंदे हैं. इस बयान के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल देखने को मिल रही है.
अमित शाह ने कोल्हापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बड़ा राजनीतिक बयान दिया. उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ एक ही असली शिवसेना है और उसके प्रमुख एकनाथ शिंदे हैं. अमित शाह ने उद्धव ठाकरे पर कांग्रेस के साथ जाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे ने अपनी पुरानी विचारधारा छोड़कर राहुल गांधी की अगुवाई वाली कांग्रेस के साथ गठबंधन किया. शाह का यह बयान ऐसे समय में आया है जब शिवसेना यूबीटी के अंदर बड़ा राजनीतिक संकट चल रहा है.
कोल्हापुर की रैली में अमित शाह के साथ मंच पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे. शाह ने महाराष्ट्र सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य में विकास तेजी से हो रहा है और सरकार स्थिर नेतृत्व के साथ आगे बढ़ रही है. अमित शाह ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि इतिहास याद रखेगा कि मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 सालों में भारत ने तेज विकास किया, अपनी संस्कृति को मजबूत किया और वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई.
विपक्ष पर अमित शाह का हमला
अमित शाह ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कई लोग पश्चिम बंगाल को बीजेपी के लिए कठिन मानते थे, लेकिन वहां भी पार्टी ने मजबूत प्रदर्शन किया. इसके साथ ही शाह ने घुसपैठ के मुद्दे पर भी सख्त रुख दिखाया. उन्होंने कहा कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है और यहां केवल वही लोग रहेंगे जो इस देश के नागरिक हैं. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सभी घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा. उधर, शिवसेना यूबीटी में बगावत के बाद उद्धव ठाकरे की स्थिति कमजोर होती दिख रही है. छह सांसदों ने अलग गुट बनाकर लोकसभा स्पीकर को शिंदे की शिवसेना में विलय का पत्र सौंप दिया है. इसके बाद लोकसभा में उद्धव ठाकरे के पास अब सिर्फ तीन सांसद बचे हैं.



