आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पंड्या और यशस्वी जायसवाल को लेकर बड़ी ट्रेड डील की चर्चा तेज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच बातचीत चल रही है, जिसमें हार्दिक RR और यशस्वी MI का हिस्सा बन सकते हैं।

IPL 2027 से पहले खिलाड़ियों की अदलाबदली को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है और इस बार सबसे बड़ी खबर मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स से जुड़ी सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों फ्रेंचाइजियों के बीच एक बड़ी ट्रेड डील पर बातचीत चल रही है, जिसमें हार्दिक पंड्या और यशस्वी जायसवाल का नाम शामिल है। अगर यह डील पूरी होती है तो हार्दिक राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में नजर आ सकते हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन जाएंगे।
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद उनके भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे। दूसरी तरफ यशस्वी जायसवाल भी राजस्थान रॉयल्स में अपनी भूमिका को लेकर चर्चा में हैं। ऐसे में दोनों खिलाड़ियों के बीच संभावित ट्रेड ने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
IPL 2027: खराब सीजन के बाद हार्दिक का मुंबई से रिश्ता खत्म?
हार्दिक पंड्या के मुंबई इंडियंस छोड़ने की अटकलें आईपीएल 2026 के दौरान ही शुरू हो गई थीं। गुजरात टाइटंस को छोड़कर मुंबई में लौटे हार्दिक को रोहित शर्मा की जगह कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन उनकी अगुवाई में टीम कोई बड़ा कमाल नहीं कर सकी। लगातार खराब नतीजों के बाद यह चर्चा तेज हो गई कि टीम के भीतर उन्हें पूरा समर्थन नहीं मिल रहा था। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कुछ वरिष्ठ खिलाड़ी उनके नेतृत्व से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे, जिसके चलते हार्दिक अब नई टीम की तलाश में हैं।
🚨 BIG UPDATE ON HARDIK PANDYA & YASHASVI JAISWAL 🚨
A massive trade could be on the cards!
Mumbai Indians and Rajasthan Royals are reportedly in ongoing talks for a potential trade deal involving Hardik Pandya and Yashasvi Jaiswal. 🔄 pic.twitter.com/boYzaIoLac
— Cricket Central June 19, 2026
IPL 2027: राजस्थान रॉयल्स को क्यों चाहिए हार्दिक पंड्या?
राजस्थान रॉयल्स पिछले कुछ सीजन से मजबूत टीम होने के बावजूद खिताब जीतने में सफल नहीं रही है। ऐसे में फ्रेंचाइजी एक अनुभवी ऑलराउंडर और कप्तान को टीम में शामिल करना चाहती है। हार्दिक पंड्या के पास आईपीएल ट्रॉफी जीतने का अनुभव है और उन्होंने गुजरात टाइटंस को अपने पहले ही सीजन में चैंपियन बनाया था। यही कारण है कि राजस्थान उन्हें टीम के भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा मान सकती है।
IPL 2027: यशस्वी जायसवाल के जाने की क्या है वजह?
यशस्वी जायसवाल राजस्थान रॉयल्स के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक रहे हैं, लेकिन हालिया घटनाक्रम ने उनके भविष्य को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कप्तानी की दौड़ में शामिल माने जा रहे जायसवाल को फ्रेंचाइजी ने नजरअंदाज करते हुए रियान पराग को टीम की कमान सौंप दी। इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी के रूप में टीम को एक नया आक्रामक ओपनर भी मिल गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि जायसवाल नए माहौल और नई चुनौती की तलाश में मुंबई इंडियंस का रुख कर सकते हैं।
IPL 2027: दिल्ली और लखनऊ में भी दिख सकते हैं बड़े बदलाव
IPL 2027 से पहले सिर्फ मुंबई और राजस्थान ही नहीं, बल्कि दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी की संभावना है, जबकि कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बन सकते हैं। इसके अलावा केएल राहुल को दिल्ली की कप्तानी मिलने की चर्चा है। वहीं सौरव गांगुली के हेड कोच और युवराज सिंह के बल्लेबाजी कोच बनने की अटकलें भी तेज हैं। अगर ये बदलाव होते हैं तो अगले सीजन में कई टीमों का स्वरूप पूरी तरह बदल सकता है।


