
तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने जोसेफ विजय पद की शपथ लेने के बाद से ही लगातार अपने फैसलों और कड़े रुख को लेकर मीडिया की सुर्खियों में बने रहते हैं। लेकिन राजनीति में कई बार ऐसा होता है जब नेता अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के अति-उत्साह की वजह से चर्चा में आ जाते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है, जिसने सूबे के विपक्ष को सीएम विजय पर चौतरफा हमला करने का एक बड़ा मौका दे दिया है।
एक बेहद हैरान करने वाले मामले में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय इस समय पूर्व भाजपा नेता और ‘सिंघम’ के नाम से मशहूर के. अन्नामलाई के सीधे निशाने पर आ गए हैं। अन्नामलाई ने तमिलनाडु के एक सरकारी स्कूल का एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए सीएम विजय के कार्यकर्ताओं की जमकर क्लास लगाई है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सीएम विजय की पार्टी टीवीके (TVK) के कई कार्यकर्ता एक स्कूल में क्लास चलने के दौरान ही धड़धड़ाते हुए अंदर घुस आते हैं और पढ़ाई रुकवाकर मुख्यमंत्री विजय की फोटो दीवार पर टांगने लगते हैं।
पूर्व भाजपा नेता ‘सिंघम’ अन्नामलाई ने जताई गहरी चिंता
अपने आधिकारिक एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल पर पूर्व आईपीएस अधिकारी और भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो पोस्ट किया है। सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य के एक सरकारी स्कूल में किए गए इस गैर-जिम्मेदाराना कृत्य पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की है। इसके साथ ही उन्होंने तमिलनाडु के शिक्षा मंत्री राजमोहन को टैग करते हुए सरकारी स्कूलों की सुरक्षा और गरिमा पर ध्यान देने की भी पुरजोर अपील की है। अपनी पोस्ट में अन्नामलाई ने कड़े लहजे में लिखा कि हमारा ऐसा मानना है कि खुद मुख्यमंत्री विजय भी इस बात को कभी पसंद नहीं करेंगे कि सिर्फ सत्ता में होने की वजह से उनकी पार्टी के सदस्य इस तरह सरेआम सरकारी स्कूलों में जबरन घुसें और बच्चों की क्लास में बाधा डालें।
मुख्यमंत्री जोसेफ विजय से की ये बड़ी अपील
जमीनी मामले की बात करें तो यह घटना कांचीपुरम जिले में उथिरामेरूर के पास स्थित एक सरकारी स्कूल की बताई जा रही है। वहां पार्टी के झंडे लिए 20 से ज्यादा उत्साही कार्यकर्ताओं ने एक चालू सरकारी स्कूल की क्लास के भीतर जाकर जबरन मुख्यमंत्री की तस्वीर दीवार पर लगा दी। इतना ही नहीं, इन कार्यकर्ताओं ने बकायदा इसका एक वीडियो (रील्स) बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।
इस हरकत पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अन्नामलाई ने कहा कि हम मुख्यमंत्री जोसेफ विजय और स्कूल शिक्षा मंत्री से सीधे अपील करते हैं कि वे अपनी पार्टी के सदस्यों को कड़े निर्देश जारी करें ताकि भविष्य में शिक्षण संस्थानों के भीतर ऐसी अशोभनीय घटनाएं दोबारा कभी न दोहराई जाएं।
राज्य के शिक्षा मंत्री राजमोहन को दी ये खास सलाह
तमिलनाडु की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था पर तीखा तंज कसते हुए अन्नामलाई ने आगे लिखा कि पिछले पांच सालों के शासनकाल में सरकारी स्कूलों की हालत और वहां की पढ़ाई-लिखाई का स्तर बहुत ज्यादा गिर गया है। आलम यह है कि राज्य के कई स्कूलों में तो बच्चों के बैठने के लिए ठीक-ठाक इमारतें तक नसीब नहीं हैं। ऐसे में, मौजूदा स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन के सामने इन सरकारी स्कूलों का खोया हुआ पुराना सम्मान और गौरव वापस दिलाने की एक बेहद बड़ी और कठिन चुनौती है। लेकिन ऐसे समय में सत्ताधारी पार्टी के सदस्यों की इस तरह की हुड़दंगबाजी वाली हरकतें सरकारी स्कूलों की बची-कुची छवि को समाज में और ज्यादा खराब करने का काम कर रही हैं।



