
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे पति का शक उस वक्त हैवानियत में बदल गया, जब उसने अपनी ही पत्नी के साथ अमानवीयता की हदें पार कर दीं। उसने न सिर्फ पत्नी को बेरहमी से पीटा, बल्कि उसका मुंडन कराया, चेहरे पर कालिख पोती और बच्चे से उस पर पेशाब कराया। इस घिनौनी हरकत के बाद आरोपी मौके से फरार है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी जितेंद्र ने 15 साल पहले तारा से लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों के चार बच्चे हुए। लेलकिन कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके बाद महिला पंडोपारा में अलग रहने लगी। बताया जा रहा है कि वो दूसरों के घर में रहकर अपना गुजर बसर करती थी।
पत्नी के चरित्र पर शक के चलते हैवान बना पति
पति का आरोप है कि पत्नी उसे और बच्चों को छोड़ उसके जीजा और भांजे के साथ रफूचक्कर हो गई थी। यही कारण है कि वो पत्नी के चरित्र पर कुछ महीनों से शक कर रहा था। जबकि पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 11 जून को वह अपने परिचित से मदद मांगने गई थी। इसी दौरान उसका पति उसे ढूंढते हुए पंडोपारा पहुंच गया। यहां उसने खूब तमाशा किया।
मुंडन कर मुंह पर पोती कालिख, पेशाब भी…
आरोपी ने पत्नी से सरेआम गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, उसने सरेराह पत्नी का मुंडन किया, उसके मुंह समेत पूरे शरीर पर कालिख पोती, बच्चों से थप्पड़ भी मरवाया। जब इतने से भी आरोपी का मन नहीं भरा तो उसने बच्चों से कहकर पत्नी के चेहरे पर पेशाब करवा दिया।
हैवानियत का वीडियो हुआ वायरल
इस पूरे मामले का वीडियो मौके पर मौजूद किसी शख्स ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आरोपी पति घिनौनी और कायरतापूर्ण हरकत के बाद से फरार है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
सामाजिक संगठनों में भयंकर आक्रोश
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में आक्रोश है। लोगों ने आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि शिकायत मिलते ही एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और दावा है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



