BiharIndiaTrending

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पवन सिंह की एंट्री, बोले- ‘न्याय सिर्फ हो नहीं, दिखना भी चाहिए’…

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पवन सिंह की एंट्री, बोले- ‘न्याय सिर्फ हो नहीं, दिखना भी चाहिए’…

Pawan Singh on Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर के भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर का मामला सुर्खियों में बना हुआ है। अब इस मामले पर भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार और बिहार विधान परिषद सदस्य (MLC) की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने मामले में उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पवन सिंह ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर CMO और बिहार पुलिस को आधिकारिक रूप से टैग करते हुए लिखा, ‘भरत भूषण तिवारी केवल इतना चाहते थे कि जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी जनता की समस्याओं का समाधान करें तथा गरीब, वंचित एवं बाढ़ पीड़ित परिवारों को उनके अधिकारों से वंचित न रखा जाए।’

भरत तिवारी ने जरूरतमंदों की खूब मदद की- पवन सिंह

उन्होंने कहा, ‘भरत भूषण तिवारी जी समाज के लिए संघर्ष करने वाले एक जागरूक और संवेदनशील व्यक्ति थे। उन्होंने हमेशा गरीबों, असहायों, दलितों एवं जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाने का काम किया। कोरोना महामारी, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं समेत अन्य कठिन परिस्थितियों में उन्होंने अपने सामर्थ्य से बढ़कर समाज सेवा की। उनके अनेक ऐसे उदाहरण मौजूद हैं, जिनमें वे प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों के साथ मिलकर जनहित के कार्य करते दिखाई देते हैं।’

इस घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे- पवन सिंह

MLC पवन सिंह ने आगे कहते हैं कि उनकी मृत्यु की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। अगर जानकारी और वीडियो में दिखाई गए हालात सही हैं, तो यह जरूरी है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायसंगत जांच कराई जाए, ताकि सच जनता के सामने आ सके।

पवन सिंह ने की निष्पक्ष जांच की मांग

उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में हर नागरिक को न्याय पाने का अधिकार है। कानून का शासन तभी मजबूत माना जाता है जब हर घटना की जांच निष्पक्ष रूप से हो। दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए।

पीड़ित परिवार से जल्द मिलेंगे पवन सिंह

पवन सिंह ने बिहार सरकार और संबंधित उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में कई सवाल खड़े करती हैं। अगर समय रहते सच्चाई सामने न आए तो आम जनता का विश्वास प्रभावित होता है।

पवन सिंह ने यह भी कहा कि वे जल्द ही पीड़ित परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। साथ ही निष्पक्ष जांच की मांग को मजबूती से उठाएंगे।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में रहने वाले भरत तिवारी का हथियार के साथ वीडियो वायरल हुआ था। ऐसे में पुलिस जब भरत को दबोचने पहुंची तो काफी देर तक तनातनी के बाद भरत का एनकाउंटर कर दिया गया। भरत के परिजन इस एनकाउंटर को फर्जी बता रहे हैं। अब बिहार सरकार ने शनिवार को भोजपुर में हुए इस पुलिस एनकाउंटर की न्यायिक जांच की बात कही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply