
Rudraprayag Nagarasu Gurdwara News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में बीते 20 जून से शुरू हुआ विवाद अब भी जारी है. हालांकि, अब गुरुद्वारे की छत पर चढ़े 7 में से 2 निहंग श्रद्धालु नीचे आ गए हैं, अब गुरुद्वारे की छत पर कुल पांच निहंग श्रद्धालु मौजूद हैं. इस पूरे विवाद के बीच गुरुद्वारे की छत से नीचे आए निहंग श्रद्धालुओं में से एक ने अपना बयान जारी किया है. उन्होंने कहा कि वे लोग ऋषिकेश से कर्णप्रयाग जा रहे थे और अपनी यात्रा पर थे. रास्ते में वे सभी नगरासू गुरुद्वारे में खाना खाने के लिए रुके थे. उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे गुरुद्वारे के अंदर पहुंचे तो वहां मौजूद सेवादारों ने उनके साथ बदतमीजी शुरू कर दी और गलत व्यवहार किया. इस व्यवहार के बाद जब वे गुरुद्वारे से बाहर निकले तो वहां पुलिस खड़ी थी.
पुलिस को देखकर बैठ गया था मन में डर
निहंग श्रद्धालु ने बताया कि वे पुलिस को देखकर वे लोग घबरा गए. उन्हें लगा कि गुरुद्वारा प्रबंधन ने उनके खिलाफ पुलिस को बुला लिया है और पुलिस उन्हें पकड़ने आई है. इसी डर की वजह से वे सभी लोग अपनी जान बचाने और विरोध जताने के लिए गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए. नीचे आए निहंग श्रद्धालु ने साफ किया कि वे अब बिल्कुल ठीक हैं, पूरी तरह सुरक्षित हैं और अपने घर वापस जाना चाहते हैं.
मामले पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा का बयान
इस घटना को लेकर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा का बयान भी सामने आया है. उन्होंने बताया कि गुरुद्वारे के अंदर आपसी विवाद हुआ था. इस विवाद पर लगातार नजर रखने और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मुस्तैदी से तैनात है. जिलाधिकारी ने कहा कि वहां किसी भी तरह की कोई बाधा नहीं है और सब कुछ शांतिपूर्वक चल रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. हेमकुंड साहिब यात्रा भी बिल्कुल शांतिपूर्वक चल रही है और गुरुद्वारे के अंदर अरदास, लंगर और श्रद्धालुओं का आना-जाना पूरी तरह सामान्य और शांत है.



