भारत में परफॉर्मेंस कारों और स्पोर्टी SUV का क्रेज लगातार बढ़ रहा है. इसका ताजा उदाहरण Skoda Kodiaq RS है. स्कोडा ऑटो इंडिया ने इस दमदार SUV की सिर्फ 50 यूनिट बिक्री के लिए उपलब्ध कराई थीं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि सभी यूनिट्स मात्र 6 मिनट के अंदर बुक हो गईं.

कंपनी के लिए यह कोई पहली बड़ी सफलता नहीं है. इससे पहले 2025 में लॉन्च हुई Octavia RS भी सिर्फ 20 मिनट के अंदर पूरी तरह बिक गई थी. अब Kodiaq RS ने उससे भी तेज रिकॉर्ड बनाते हुए सिर्फ 6 मिनट में ही सभी बुकिंग हासिल कर ली हैं.
51 साल पुरानी लिगेसी
Skoda के अनुसार, RS बैज को दुनिया भर में 51 साल पूरे हो चुके हैं. वहीं भारत में भी RS मॉडल का इतिहास 22 साल पुराना है. भारतीय बाजार में सबसे पहले Octavia RS के जरिए इस परफॉर्मेंस ब्रांड की शुरुआत हुई थी. तभी से RS मॉडल्स का एक खास ग्राहक वर्ग तैयार हो गया है.
कंपनी के ब्रांड डायरेक्टर आशीष गुप्ता ने कहा कि Kodiaq RS में शानदार परफॉर्मेंस, 4×4 क्षमता, 7सीटर लग्जरी और मोटरस्पोर्ट से जुड़ी विरासत का अनोखा मेल देखने को मिलता है। यही वजह है कि ग्राहकों ने इसे हाथोंहाथ लिया।
इंजन और परफॉर्मेंस
Skoda Kodiaq RS में 2.0 लीटर TSI टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह इंजन 262 bhp की पावर और 400 Nm का टॉर्क पैदा करता है. इसके साथ 7स्पीड DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है, जो चारों पहियों तक पावर पहुंचाता है.
कंपनी का दावा है कि यह SUV केवल 6.3 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 231 किमी/घंटा है. इसी वजह से इसे भारत में बिकने वाली सबसे तेज Skoda कार माना जा रहा है.
ड्राइविंग है सबसे बड़ी खासियत
नई Kodiaq RS में प्रोग्रेसिव स्टीयरिंग और डायनामिक चेसिस कंट्रोल प्लस जैसी आधुनिक तकनीक दी गई है. ये सिस्टम सड़क और ड्राइविंग कंडीशन के हिसाब से SUV के व्यवहार को बदल सकते हैं. अलगअलग ड्राइविंग मोड्स भी दिए गए हैं, जिससे ड्राइवर अपनी जरूरत के अनुसार सेटिंग चुन सकता है. इसके अलावा डायनामिक साउंड बूस्ट फीचर भी मिलता है, जो इंजन की आवाज को और ज्यादा स्पोर्टी बनाता है.
डिजाइन में भी अलग पहचान
Kodiaq RS का लुक नॉर्मल Kodiaq से काफी अलग है. इसमें ब्लैक फिनिश ग्रिल, ब्लैक ORVMs, ब्लैक रूफ रेल्स और कई डार्क एक्सटीरियर एलिमेंट्स दिए गए हैं, जो इसे ज्यादा स्पोर्टी बनाते हैं. इंटीरियर में ब्लैक लेदर सीट्स के साथ रेड स्टिचिंग दी गई है, जिससे केबिन को रेसिंग कार जैसा स्पोर्टी लुक मिलता है. 7सीटर लेआउट होने के कारण यह फैमिली इस्तेमाल के लिए भी उपयोगी है.
Skoda Kodiaq RS की रिकॉर्डतोड़ बुकिंग यह दिखाती है कि भारतीय ग्राहक अब केवल माइलेज ही नहीं, बल्कि परफॉर्मेंस और प्रीमियम अनुभव वाली गाड़ियों में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं.



