TrendingUttar Pradesh

Ali Fazal : लखनऊ पहुंचे अभिनेता अली फजल, ‘Gen-Z’ के प्रदर्शन पर कह दी यह बड़ी बात

Ali Fazal : लखनऊ पहुंचे अभिनेता अली फजल, ‘Gen-Z’ के प्रदर्शन पर कह दी यह बड़ी बात

लखनऊ, अमृत विचार। अभिनेता अली फजल ने देश के कुछ हिस्सों में चल रहे जेनजी, युवाओं और छात्रों के विरोध प्रदर्शनों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को फिल्म मिर्जापुर के प्रचार के लिए लखनऊ पहुंचे अली फजल ने कहा कि विरोध करना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और लोगों की आवाज सुनी जानी चाहिए।

अली फजल अपने सहकलाकार दिव्येंदु शर्मा और जितेंद्र कुमार के साथ लखनऊ पहुंचे थे। इस दौरान झारखंड में जारी और हाल में दिल्ली में हुए जेनजी व छात्र आंदोलनों को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों का अपनी बात रखना जरूरी है।

‘लोकतंत्र में आवाजें बुलंद होनी चाहिए’

अली फजल ने कहा कि विरोध करना सभी का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि यह एक स्वतंत्र और निष्पक्ष देश है और इसमें लोगों के अपनी बात रखने में कुछ गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, वह उनके साथ हैं। लोकतंत्र में ऐसी गतिविधियां होना जरूरी है और लोगों की आवाज बुलंद होनी चाहिए। उनकी बातों को देखा और सुना जाना चाहिए।

बड़े पर्दे पर लौट रही ‘मिर्जापुर’

चार सितंबर को रिलीज होने वाली ‘मिर्जापुर’ के साथ इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की बड़े पर्दे पर शुरुआत हो रही है। फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले अली फजल ने सफल वेब सीरीज पर फिल्म बनाने को एक बड़ा प्रयोग बताया।लंबे समय तक एक ही किरदार निभाने के निजी जीवन पर असर से जुड़े सवाल पर अली फजल ने कहा कि किसी किरदार का कुछ हिस्सा अभिनेता के साथ रह जाता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह अपनी पेशेवर और निजी जिंदगी के बीच अंतर बनाए रखने की कोशिश करते हैं।

लखनऊ से खास जुड़ाव रखते हैं अली फजल

अली फजल ने लखनऊ से अपने जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह लगभग हर महीने लखनऊ आते हैं और उनकी नानी भी यहीं रहती हैं। वहीं फिल्म में मुन्ना भैया का किरदार निभाने वाले दिव्येंदु शर्मा ने बताया कि फिल्म का संबंध मिर्जापुर के पहले सीजन से है। इसमें सीरीज की कुछ सामग्री के साथ नए किरदार भी पेश किए गए हैं। कलाकारों के मुताबिक फिल्म में नए किरदार और नया कथानक होने के बावजूद कहानी अपने मूल किरदारों से जुड़ी रहेगी। इसमें परिवार, भावनाएं, युवा पीढ़ी, गुस्सा, प्यार, एक्शन और बदले का मिश्रण देखने को मिलेगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply