
जेवर/लखनऊ, अमृत विचार : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट पार्किंग क्षेत्र में जलभराव पर राजनीति गरमा गयी है। बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर शुरू हुई सियासत के बीच जेवर से भाजपा विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बुधवार को मौके का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों के साथ जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें जेवर का अभूतपूर्व विकास दिखाई नहीं देता, उन्हें केवल गड्ढे और जलभराव नजर आ रहे हैं।
जेवर के विधायक ने कहा कि प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए जलभराव जैसे मुद्दों को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जहां भी तकनीकी खामी होगी, उसे तत्काल दूर कराया जाएगा और किसी भी कमी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि भारी बारिश के बाद कुछ स्थानों पर जलभराव होना एक तकनीकी चुनौती हो सकती है, लेकिन इसे पूरे विकास मॉडल पर सवाल खड़े करने का आधार नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर कमियों को चिन्हित करें और ऐसा स्थायी समाधान तैयार करें, जिससे भविष्य में इस तरह की स्थिति न बने।
विधायक ने कहा कि आज जिस भूमि पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आकार ले रहा है, वहीं कभी विकास की संभावनाएं सीमित थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जेवर देश के सबसे बड़े विकास केंद्रों में शामिल हो चुका है। एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक निवेश और आधारभूत ढांचे की परियोजनाओं ने इस क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार हो रहे हैं और राष्ट्रीयअंतरराष्ट्रीय निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
‘विपक्ष को विकास नहीं, सिर्फ जलभराव दिख रहा’
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में जेवर एयरपोर्ट की योजना वर्षों तक फाइलों और घोषणाओं तक सीमित रही, वही लोग आज बारिश के पानी को लेकर राजनीति कर रहे हैं। उनके अनुसार विपक्ष को एयरपोर्ट, विश्वस्तरीय सड़कें, औद्योगिक कॉरिडोर और क्षेत्र में तेजी से बढ़ता निवेश दिखाई नहीं देता, बल्कि केवल जलभराव की तस्वीरें दिख रही हैं।
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जनता विकास कार्यों को देख रही है और प्रदेश तेजी से आर्थिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में विपक्ष विकास की चर्चा करने के बजाय छोटीछोटी घटनाओं को बढ़ाचढ़ाकर पेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे खोजता रहे, हम जेवर में विकास की नई इबारत लिखते रहेंगे। जहां कमी होगी, उसे दूर किया जाएगा, लेकिन कुछ समय के जलभराव को उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक विकास पर पर्दा डालने का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।



