पुणे के लोहगढ़ किले में बिल्डर केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को खाई में धकेला था, और अब दोनों गिरफ्तार हो चुके हैं।

महाराष्ट्र के पुणे के पास लोहागढ़ किले में बिल्डर केतन अग्रवाल की हत्या की जांच जैसेजैसे आगे बढ़ रही है, वैसेवैसे कई खुलासे हो रहे हैं। अब इस मामले में पुलिस ने नया खुलासा किया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि केतन अग्रवाल और उसकी मंगेतर सिया गोयल का पीछा करते हुए हुडी पहने हुए एक व्यक्ति का सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई।
पुलिस को यह बात अजीब लगी कि तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस होने के बावजूद उस व्यक्ति ने हुडी पहनी हुई थी। उसकी संदिग्ध हरकतों को देखकर पुलिस ने केतन की मौत की और गहराई से जांच करने का फैसला किया, क्योंकि शुरुआत में यह मामला ट्रेकिंग के दौरान हुआ एक दुखद हादसा लग रहा था।
सिया ने घरवालों से बोला झूठ
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि 18 जून को ट्रेकिंग के दौरान जान गंवाने वाले 26 साल के केतन को कथित तौर पर उसकी मंगेतर सिया और उसके प्रेमी चेतन ने खाई में धकेल दिया था। शुरू में इस घटना को दुर्घटनावश हुई मौत के तौर पर दर्ज किया गया था क्योंकि सिया ने पीड़ित के परिवार को बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान उनका पैर फिसल गया था।
पुलिस को कब हुआ शक?
जांच में शामिल एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “जांच के दौरान हमें घटना से जुड़ी कुछ ऐसी बातें पता चलीं जिनसे शक हुआ और मामले की गहराई से जांच करने की जरूरत महसूस हुई। हमने किले के टिकट काउंटर पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए, जिसमें केतन और सिया को एक साथ घूमते हुए देखा गया।”
फुटेज को बारीकी से देखने पर पुलिस ने एक आदमी को देखा जो केतन और सिया से कुछ मीटर पीछे था। अधिकारी ने कहा, “उस आदमी ने शॉर्ट्स और हुडी पहनी हुई थी। हुडी का अगला हिस्सा इतना नीचे खींचा हुआ था कि उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। साथ ही उस आदमी ने हुडी के ऊपर हेडसेट भी पहना हुआ था। एक और फुटेज क्लिप में हमने देखा कि सिया अचानक पीछे मुड़कर देखती है और उसी समय हुडी पहने हुए वह आदमी अचानक नीचे बैठ जाता है।”
उन्होंने कहा कि बाद में उन्होंने 18 जून को उस समय का तापमान चेक किया और पाया कि यह 33 डिग्री सेल्सियस था और उन्हें हैरानी हुई कि इतनी गर्मी में कोई हुडी क्यों पहनेगा।
सिया ने शादी टालने की कही थी बात
अधिकारी ने बताया कि केतन के परिवार के शोक में होने के कारण पुलिस तुरंत उस जोड़े से पूछताछ नहीं कर सकी, लेकिन जांच के दौरान केतन के चाचा से पता चला कि सिया ने पहले शादी को लेकर कुछ हिचकिचाहट जताई थी और एक बार पूछा था कि क्या शादी को एक साल के लिए टाला जा सकता है।
सिया और केतन की सगाई फरवरी में हुई थी और नवंबर में उदयपुर में एक शानदार समारोह में उनकी शादी होनी थी, जिसके लिए एक महल बुक किया गया था।
अधिकारी ने कहा, “केतन की बहन संजना और परिवार के दूसरे सदस्यों से पूछताछ में हमें पता चला कि उस जानलेवा घटना से पहले सिया ने कई बार केतन को अपने साथ लोहागढ़ किले चलने के लिए मनाया था। 31 मई को सिया केतन को लोहागढ़ किला ले गई थी। उसने 4 जून को भी केतन से लोहागढ़ किला चलने की जिद की लेकिन केतन की मां ने उसे दूसरी बार वहां जाने की इजाजत नहीं दी।”
प्रीवेडिंग शूट के लिए बाली जाने वाले थे केतन और सिया
उन्होंने कहा कि प्रीवेडिंग फोटोशूट के लिए बाली जाने से पहले सिया और चेतन मिलकर केतन को रास्ते से हटाना चाहते थे। यह ट्रिप नहीं हो पाई क्योंकि ट्रिप से पहले ही केतन का पासपोर्ट रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था।
सिया ने एक बार फिर केतन से 14 जून को लोहागढ़ जाने के लिए कहा। उस दिन उसने कथित तौर पर केतन को चट्टान से नीचे धकेलने की कोशिश की। हालांकि, वह एक झाड़ी को पकड़ने में कामयाब रहा। अधिकारी ने बताया कि जब केतन ने सोचा कि उसे क्यों धकेला गया तो उसने सांप होने का झूठा शोर मचाया और ऐसा दिखाने की कोशिश की कि उसने उसे बचाया है।ॉ
सिया की कॉल डिटेल से खुले राज
उन्होंने आगे कहा कि इन घटनाक्रमों के बाद जांचकर्ताओं ने जांच का दायरा बढ़ाया और कॉल डिटेल रिकॉर्ड और डिजिटल कम्युनिकेशन डेटा सहित तकनीकी सबूतों का विश्लेषण किया। उनके अनुसार, सिया के कॉल रिकॉर्ड की जांच से पता चला कि वह एक व्यक्ति के साथ लगातार बातचीत कर रही थी जो बाद में उसका प्रेमी चेतन चौधरी निकला।
अधिकारी ने आगे बताया, “टेक्निकल एनालिसिस से दोनों के बीच गहरा संबंध पता चला और एक सोचीसमझी साजिश की ओर इशारा मिला। इसके बाद हमने चौधरी से जुड़ी तस्वीरें और सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच की। उन तस्वीरों की तुलना किले के सीसीटीवी फुटेज से करने पर हुडी पहने व्यक्ति को लेकर पुलिस को ध्यान केंद्रित करने में मदद मिली।”
ऐसे पकड़ा गया चेतन
उन्होंने आगे कहा कि इकट्ठा किए गए तकनीकी सबूतों और खुफिया जानकारी के आधार पर टीमों ने चौधरी का पता लगाया और पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया। उन्होंने कहा, “पूछताछ के दौरान हमने सभी कड़ियों को जोड़ा, जिससे सिया और चेतन की सोचीसमझी साजिश का पता चला।”
पुलिस ने कहा कि ऐसा लगता है कि इस घटना के पीछे की वजह चेतन के साथ सिया का रिश्ता और केतन से शादी न करने की उसकी इच्छा थी। उन्होंने कहा, “पूछताछ के दौरान चेतन से पूछा गया कि उन्होंने भागने के बजाय केतन को खत्म करने का फैसला क्यों किया। उसके मुताबिक, सिया सगाई तोड़ने और चेतन के साथ भागने के पक्ष में नहीं थी क्योंकि उसे लगता था कि ऐसा करने से उसके परिवार की बदनामी होगी।”
इसके बाद पुलिस ने सिया और चौधरी दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उन पर हत्या व आपराधिक साजिश रचने का मामला दर्ज किया।



