पहाड़ी जगहों पर घूमने जाना कई लोगों को पसंद होता है. ठंडा मौसम, खूबसूरत नजारे और शांत वातावरण इस अनुभव को और खास बना देते हैं. हालांकि कुछ लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों में पहुंचने के बाद सांस फूलने, थकान, चक्कर आने या कमजोरी जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि ऊंचाई बढ़ने के साथ हवा में ऑक्सीजन का स्तर कम होने लगता है, जिससे शरीर को खुद को नई परिस्थितियों के अनुसार ढालने में समय लग सकता है. हालांकि हर व्यक्ति में इसका असर अलगअलग हो सकता है.

बच्चों, बुजुर्गों और पहले से या फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत हो सकती है. कई बार लोग इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन कुछ मामलों में यह परेशानी गंभीर भी हो सकती है. इसलिए शरीर के संकेतों को समझना और समय रहते सही कदम उठाना जरूरी है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि इस स्थिति में क्या कदम उठाने चाहिए, ताकि यात्रा सुरक्षित और आरामदायक बनी रहे. साथ ही, किन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. आइए डिटेल में जानते हैं.
पहाड़ों पर यात्रा के दौरान सांस फूलने पर क्या करें?
अगर पहाड़ों पर सांस फूलने लगे, तो सबसे पहले घबराएं नहीं और कुछ देर के लिए आराम करें. तेज चलने, दौड़ने या ज्यादा शारीरिक मेहनत करने से बचें. धीरेधीरे और गहरी सांस लेने की कोशिश करें. पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें. अगर संभव हो, तो कुछ समय के लिए कम ऊंचाई वाले स्थान पर चले जाएं.
शराब और धूम्रपान से बचें, क्योंकि इससे स्थिति और बिगड़ सकती है. अगर आप किसी पुरानी बीमारी से जूझ रहे हैं, तो डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाएं अपने साथ रखें. अगर आराम करने के बाद भी सांस लेने में परेशानी बनी रहे, तो तुरंत डॉक्टर की सहायता लें.
सांस फूलने के साथ किन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए?
अगर सांस फूलने के साथ सीने में दर्द, बहुत ज्यादा थकान, होंठ या नाखून नीले पड़ना, तेज सिरदर्द, भ्रम की स्थिति, लगातार चक्कर आना या चलनेफिरने में परेशानी हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ये कुछ मामलों में गंभीर स्थिति के संकेत हो सकते हैं.
इसके अलावा अगर आराम करने के बाद भी सांस सामान्य नहीं हो रही है या परेशानी तेजी से बढ़ रही है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. समय पर इलाज मिलने से जटिलताओं का खतरा कम हो सकता है.
पहाड़ों पर यात्रा करते समय कौनसी गलतियों से बचना चाहिए?
पहाड़ों पर यात्रा करते समय बिना तैयारी के ट्रिप पर निकलने, बहुत तेज चलने या अचानक ज्यादा ऊंचाई पर जाने से बचना चाहिए. पर्याप्त पानी न पीना, खाली पेट रहना और शरीर को आराम न देना भी परेशानी बढ़ा सकता है.
इसके अलावा शराब और धूम्रपान से दूरी बनाकर रखें, क्योंकि ये शरीर में ऑक्सीजन की कमी की समस्या को बढ़ा सकते हैं. अगर मौसम खराब हो, तो जोखिम भरे रास्तों पर जाने से बचें. किसी भी तरह की सांस लेने में परेशानी, चक्कर या कमजोरी महसूस होने पर उसे नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद लें.



