
मध्य प्रदेश के विदिशा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक युवती ने बीजेपी नेता और संजीवनी अस्पताल के संचालक संजीव माथुर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है. आरोप है कि डॉक्टर ने उसे अपने प्राइवेट केबिन में बुलाया और गलत हरकत की. इसके अलावा, पीड़िता ने ये भी आरोप लगाया कि इलाज के बहाने उसके घर जाकर भी उसने अश्लील हरकतें कीं.
पीड़िता एक छात्रा है, जिसने आरोप लगाया कि वह इलाज के लिए सिरोंज में संजीव माथुर के अस्पताल गई थी. वहां डॉक्टर ने उसके पिता से उसका आयुष्मान कार्ड बनवाने को कहा और उसे अस्पताल में काम करने का सुझाव दिया. इसके बाद युवती वहां काम करने लगी. इस दौरान डॉ संजीव ने उसे अपने केबिन में बुलाया और गलत हरकत करने लगा.
पीड़िता ने लगाया आरोप
इसके अलावा, पीड़िता ने आरोप लगाया कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी आरोपी उसे बेहोश करने के लिए इंजेक्शन देता था और फिर उसके साथ अश्लील हरकतें करता था. मामला तब और बढ़ गया जब आरोपी इलाज के बहाने जबरदस्ती पीड़िता के घर पहुंचा और वहां भी उसके साथ छेड़छाड़ की. इस दौरान उसका भाई और दोस्त आ गए और डॉक्टर की पिटाई कर दी.
आरोपी ने किया चौंकाने वाला दावा
पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपने परिवार को अपनी आपबीती बताई, जिससे यह मामला सामने आया. शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया व जांच शुरू कर दी है. इस घटना से स्थानीय राजनीतिक हलकों और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. तो वहीं दूसरी तरफ पीड़िता के आरोपपों पर संजीवनी अस्पताल के संचालक और बीजेपी नेता संजीव माथुर की प्रतिक्रिया सामने आई है. जिसमें उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है. आरोपी का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप झूठे हैं और दावा किया कि युवती मानसिक रूप से अस्थिर है.
पुलिस ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह बुंदेला का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. तो वहीं, दूसरी तरफ डॉ. संजीव माथुर की ओर से भी एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है, क्योंकि घटना के दौरान उन पर हमला हुआ था और उन्हें चोंटे आई थीं. पुलिस इस पूरे मामले पर जांच कर रही है.



