अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी अडानी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड ने गुरुवार को छह एयरपोर्ट्स के आसपास आधुनिक एयरपोर्ट सिटी विकसित करने की बड़ी योजना का ऐलान किया. कंपनी पहले चरण में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी.

यह परियोजनाएं मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी एयरपोर्ट के आसपास करीब 655 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएंगी. पहले चरण में लगभग 2.2 करोड़ वर्ग फुट मिश्रित उपयोग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा.
कंपनी के मुताबिक, कुल निवेश का करीब 70 फीसदी हिस्सा मुंबई और नवी मुंबई पर खर्च होगा. इन दोनों शहरों में लगभग 440 एकड़ जमीन पर विकास कार्य किए जाएंगे.
होटल, शॉपिंग और ऑफिस का होगा एकीकृत हब
AACL का कहना है कि इन एयरपोर्ट सिटी प्रोजेक्ट्स में होटल, शॉपिंग मॉल, मनोरंजन, कन्वेंशन सेंटर और कमर्शियल ऑफिस जैसी सुविधाएं एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी. इन्हें एयरपोर्ट, मेट्रो और शहर के ट्रांसपोर्ट नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके.
दुनिया के बड़े एयरपोर्ट मॉडल से प्रेरित
कंपनी ने बताया कि यह परियोजना सिंगापुर के चांगी, दुबई इंटरनेशनल, एम्स्टर्डम के शिफोल और सियोल के इंचियोन जैसे विश्वस्तरीय एयरपोर्ट डिस्ट्रिक्ट्स की तर्ज पर तैयार की जा रही है. उद्देश्य एयरपोर्ट को सिर्फ उड़ानों का केंद्र नहीं, बल्कि व्यापार, पर्यटन, निवेश और शहरी विकास का प्रमुख केंद्र बनाना है.
AAHL के निदेशक जीत अडानी ने कहा, “दुनिया के सफल एयरपोर्ट आज व्यापार, पर्यटन और शहरी विकास के बड़े केंद्र बन चुके हैं. भारत में एविएशन सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है और एयरपोर्ट अब केवल हवाई यात्रा तक सीमित नहीं रह सकते. हमारा लक्ष्य ऐसे आधुनिक शहरी केंद्र विकसित करना है, जहां एयरपोर्ट निवेश, रोजगार, बेहतर यात्री अनुभव और शहरों के दीर्घकालिक विकास का आधार बनें.”
पैदल घूमने लायक आधुनिक शहरी इलाका
इन एयरपोर्ट सिटी को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि लोग आसानी से पैदल घूम सकें. यहां होटल, ऑफिस, रिटेल स्टोर, रेस्टोरेंट, मनोरंजन केंद्र और कन्वेंशन सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों, कारोबारियों और स्थानीय लोगों को एक साथ सभी सुविधाएं मिल सकें.
पांच लग्जरी होटल भी खुलेंगे
इस योजना के तहत AAHL ने IHG Hotels & Resorts के साथ पांच लग्जरी और प्रीमियम होटल विकसित करने का समझौता किया है. इसके तहत पहली बार किम्पटन होटल ब्रांड भी भारत में लॉन्च किया जाएगा.
कंपनी ने यह भी बताया कि वह होटल, फूड एंड बेवरेज, रिटेल और एंटरटेनमेंट सेक्टर की कई भारतीय और विदेशी कंपनियों के साथ साझेदारी पर बातचीत कर रही है.
जीत अडानी ने कहा कि इन परियोजनाओं की डिजाइनिंग दुनिया की प्रमुख डिजाइन और इंजीनियरिंग कंपनियों की मदद से की जा रही है. इनमें आधुनिक कार्यस्थल, आतिथ्य, रिटेल और मनोरंजन से जुड़े नए ट्रेंड्स को ध्यान में रखा गया है.
पर्यावरण का भी रखा जाएगा ध्यान
AACL के अनुसार, सभी एयरपोर्ट सिटी प्रोजेक्ट्स को यूएस ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल से LEED गोल्ड प्रीसर्टिफिकेशन मिल चुका है. इसका मतलब है कि इन परियोजनाओं में पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और पैदल चलने योग्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
कई बड़ी कंपनियां होंगी साझेदार
इन परियोजनाओं में डिजाइन, निर्माण और सलाहकार के तौर पर कई बड़ी कंपनियां जुड़ी हैं. इनमें कोहन पेडरसन फॉक्स , बेनॉय, ज़नेरा स्पेस, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा प्रोजेक्ट्स, PSP प्रोजेक्ट्स, CBRE, JLL और कुशमैन एंड वेकफील्ड शामिल हैं.
फिलहाल AAHL देश की सबसे बड़ी निजी एयरपोर्ट ऑपरेटिंग कंपनी है. कंपनी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, मंगलुरु, जयपुर, गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट का संचालन करती है. इसके अलावा नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास भी कंपनी ही कर रही है.


