CrimeIndiaJammu KashmirTrending

स्वतंत्रता दिवस से पहले BSF कैंप में घुसने की कोशिश, संदिग्ध गिरफ्तार; पाकिस्तानी नंबरों से संपर्क का खुलासा,,

स्वतंत्रता दिवस से पहले BSF कैंप में घुसने की कोशिश, संदिग्ध गिरफ्तार; पाकिस्तानी नंबरों से संपर्क का खुलासा,,

श्रीगंगानगर। स्वतंत्रता दिवस से पहले राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। रायसिंहनगर स्थित BSF की 163वीं बटालियन के कैंप में दीवार फांदकर घुसने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध को जवानों ने पकड़ लिया। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तान के नंबरों से संपर्क के संकेत मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

दीवार फांदकर कैंप में घुसने की कोशिश-
बीएसएफ की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, 9 अगस्त की शाम करीब 6 बजे एक व्यक्ति ने कैंप की दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया। ड्यूटी पर तैनात जवानों ने उसे तुरंत पकड़ लिया।

इसके बाद आरोपी का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल कराया गया और उसे रायसिंहनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया। बीएसएफ की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल जांच में पाकिस्तानी नंबरों से संपर्क-
प्रारंभिक पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच में आरोपी के पाकिस्तान के +92 कंट्री कोड वाले कई मोबाइल नंबरों से संपर्क में होने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियों को कॉल और मैसेज के जरिए संपर्क किए जाने के रिकॉर्ड मिले हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अब संयुक्त पूछताछ केंद्र (JIC) भी आरोपी से पूछताछ करेगा। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी का इन संपर्कों से किस तरह का संबंध था और कैंप में घुसने के पीछे उसकी मंशा क्या थी।

सैन्य जानकारी जुटाने की आशंका-
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि आरोपी बीएसएफ कैंप में प्रवेश कर सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी या तस्वीरें हासिल करने की कोशिश कर सकता था। हालांकि, यह अभी जांच का विषय है और इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

समय रहते बीएसएफ जवानों द्वारा आरोपी को पकड़ लिए जाने से संभावित खतरा टल गया।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट-
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीगंगानगर जैसे संवेदनशील जिले में संदिग्ध गतिविधियों को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं।

फिलहाल पुलिस, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर उसके संपर्कों और गतिविधियों की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कैंप में प्रवेश की कोशिश के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply