
न्यायधानी के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा (वार्ड नंबर-12) में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब किराए के मकान में रहने वाले पति-पत्नी के शव एक ही कमरे में साड़ी के फंदे से लटके मिले। सुबह कमरे से बच्चों के रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक वहां पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखा तो पति-पत्नी को फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा (36) और उसकी पत्नी माया बंजारा (32) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामकछार के रहने वाले थे। बताया गया है कि दंपती पिछले करीब 10-12 वर्षों से बिलासपुर के नयापारा में किराए के मकान में रह रहे थे। उनके साथ 13 वर्षीय बेटी और 5 वर्षीय बेटा भी रहते थे। दोनों इंडस्ट्रियल क्षेत्र की एक कंपनी में काम करते थे।
रात में हुआ था पति-पत्नी के बीच विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोमवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आसपास के लोगों के मुताबिक, विवाद के बाद घर के भीतर से तेज आवाज में गाना बजने की आवाज भी आ रही थी। देर रात तक स्थिति सामान्य नहीं हुई, लेकिन इसके बाद घर में क्या हुआ, इसकी जानकारी किसी को नहीं थी।
सुबह बच्चों के रोने से खुला मामला
मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। इसी बीच अंदर से दोनों बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज आने लगी। बच्चों की आवाज सुनकर मकान मालिक रमेश कुमार साहू कमरे के पास पहुंचे। दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने खिड़की से अंदर झांका। कमरे का दृश्य देखकर वह सन्न रह गए। दोनों पति-पत्नी साड़ी के फंदे पर लटके हुए थे।
इसके बाद तत्काल सिरगिट्टी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आपसी विवाद के बाद आत्महत्या की आशंका, जांच जारी
शहर के एएसपी पंकज पटेल के मुताबिक, दोनों के शव कमरे के अंदर साड़ी के फंदे से लटके मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ था और घटना से पहले दंपती के बीच क्या बातचीत हुई थी। फिलहाल दोनों बच्चों को परिजनों के सुपुर्द किए जाने की प्रक्रिया की जा रही है।



