
वाराणसी। दादरा नगर हवेली के सिलवासा में प्रेमिका की हत्या कर उसके शव को किराये के कमरे के बाथरूम में ट्रॉली सूटकेस में बंद कर फरार हुए आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। एसटीएफ की वाराणसी इकाई और सिलवासा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी ऋषभ कुमार सिंह को मंडुवाडीह क्षेत्र के चांदपुर औद्योगिक आस्थान से दबोच लिया। आरोपी यहां पहचान छिपाकर फैक्टरी में मजदूरी कर रहा था।
दो महीने बाद सूटकेस से मिला था शव-
3 अगस्त को सिलवासा के टोकर खड़ा इलाके में एक मकान के कमरे से ट्रॉली सूटकेस में महिला का शव बरामद हुआ था। शव करीब दो महीने पुराना बताया गया। मकान मालिक को कमरे से दुर्गंध आने के बाद घटना का पता चला। मृतका की पहचान 20 वर्षीय छोटी उपाध्याय, निवासी नवादा, बिहार के रूप में हुई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद से उसका प्रेमी ऋषभ फरार था और वाराणसी में छिपकर रह रहा था।
शादी के बाद गांव चलने को लेकर हुआ विवाद-
एसटीएफ की पूछताछ में सामने आया कि ऋषभ और छोटी के बीच पहले से प्रेम संबंध थे। छोटी की शादी होने के बाद भी दोनों का संपर्क बना रहा। छोटी के कहने पर ऋषभ उसे लेकर दादरा नगर हवेली चला गया, जहां दोनों ने शादी कर ली।
शादी के बाद छोटी लगातार गांव लौटने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर 9 जून की सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि उसी दिन शाम को ऋषभ ने गला दबाकर छोटी की हत्या कर दी।
हत्या के बाद सूटकेस में बंद किया शव-
हत्या के बाद आरोपी ने शव को रस्सी से बांधा और ट्रॉली सूटकेस में डालकर कमरे के बाथरूम में छिपा दिया। इसके बाद वह सिलवासा से फरार होकर वाराणसी पहुंच गया और नाम बदलकर फैक्टरी में मजदूरी करने लगा।
बिहार के रोह थाने में ऋषभ के खिलाफ छोटी के अपहरण का मामला भी दर्ज था।
खुफिया सूचना पर चांदपुर से दबोचा गया-
आरोपी के वाराणसी में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद एसटीएफ वाराणसी और सिलवासा पुलिस ने मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर औद्योगिक आस्थान स्थित फैक्टरी में दबिश दी और ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर सिलवासा पुलिस अपने साथ दादरा नगर हवेली ले गई। मामले में आगे की जांच जारी है।



