
सांकेतिक तस्वीर, इमेज सोर्स: AI
उत्तर प्रदेश में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां सेक्टर-82 में रहने वाली एक महिला ने अपने पति और ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि एक साल पहले 17 नवंबर 2024 को प्रयागराज में उसकी शादी हुई थी. शादी के बाद वह ससुराल आई तो सुहागरात में उसके पति ने उसे हाथ तक नहीं लगाया. फिर वह हनीमून के नाम पर थाईलैंड तो ले गया, लेकिन वहां भी दूरी बनाए रखी.
अब एक साल बाद जब उसकी मेडिकल जांच कराई गई तो पता चला कि वह गे है. इस बात पर विवाद बढ़ने पर आरोपी पति ने गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया. पीड़िता ने इस मामले में सास-ससुर, ननद और ननदोई को भी आरोपी बनाया है. बताया कि शादी में उसके मायके वालों ने अपनी क्षमता से बढ़कर दान-दहेज दिया था. बावजूद इसके ससुराल पक्ष की मांग कम नहीं हुई. बल्कि अतिरिक्त मांगों को लेकर उसे बार बार प्रताड़ित किया गया. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
हनीमून में भी की मारपीट
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि शादी के कुछ समय बाद वह पति के साथ हनीमून पर थाईलैंड गई थी. वहां पहुंचने के बाद जब पति उससे दूरी बनाने लगा तो दोनों में काफी विवाद हुआ था. इस दौरान आरोपी पति ने उसके साथ मारपीट की. ऐसे में दोनों हनीमून बीच में ही खत्म कर भारत लौट आए. इसके बाद महिला ने पति की जांच कराने का फैसला किया. करीब एक साल बाद हुई मेडिकल जांच के बाद जब डॉक्टर ने रिपोर्ट बताई तो आरोपी ने उनसे भी झगड़ा किया और वहां से चला गया.
Follow Us



