
Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र ठाणे जिला के बदलापुर में एक महिला की मौत का मामला अब हत्या के संदेह में बदल गया है. प्राजक्ता मेहर नामक महिला की मौत को पहले प्राकृतिक बताया गया था, लेकिन फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है. रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि प्राजक्ता की मौत प्राकृतिक कारणों से नहीं, बल्कि दम घुटने के कारण हुई थी. इसके बाद बदलापुर पश्चिम पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है.
जानकारी के अनुसार, प्राजक्ता मेहर की मृत्यु 9 अप्रैल को हुई थी. उस समय उनके पति योगेश मेहर ने इसे सामान्य और प्राकृतिक मौत बताया था. हालांकि, परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच जारी रखी और शव का फोरेंसिक परीक्षण कराया. जांच रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस को हत्या की आशंका हुई.
योगेश मेहर का था महिला के साथ प्रेम संबंध
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि योगेश मेहर का एक अन्य महिला के साथ प्रेम संबंध था. इसी वजह से पुलिस को संदेह है कि प्राजक्ता की हत्या किसी साजिश के तहत की गई हो सकती है. मामले में पुलिस ने योगेश मेहर और एक अन्य व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
इस संबंध में शैलेश काले ने कहा, “मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.”
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की मौत के पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी या नहीं और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही. घटना के सामने आने के बाद बदलापुर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस ने जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर न पहुंचने की अपील की है.



