
पटियाला : पंजाब के पटियाला जिले के थाना शंभू क्षेत्र के गांव सलेमपुर सेखां में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी नौकरानी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय अकी कौर और 58 वर्षीय जगजीत सिंह उर्फ कौता के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में जगजीत सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अकी कौर और जगजीत सिंह के बीच पिछले करीब चार वर्षों से संबंध थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि जगजीत सिंह को अकी कौर के अन्य लोगों से संपर्क होने का शक था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी।
जांच अधिकारी एएसआई भान सिंह ने बताया कि जगजीत सिंह और अकी कौर के पति अंबर सिंह के बीच पशु खरीद-फरोख्त के कारोबार के कारण जान-पहचान थी। इसी दौरान जगजीत सिंह और अकी कौर के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं।
पुलिस के मुताबिक, 23 जून को विवाद के बाद जगजीत सिंह अकी कौर को घर के बाथरूम में ले गया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी जहरीला पदार्थ निगल लिया।
घटना का पता तब चला जब जगजीत सिंह की गोद ली हुई बेटी घर पहुंची। उसने बाथरूम में अकी कौर का शव और बाहर जगजीत सिंह को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।



