IndiaUttar Pradesh

कानपुर में फरार हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर गिरफ्तार, महंत पर किया था जानलेवा हमला

उत्तर प्रदेश के कानपुर में महंत पर जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर को लेकर शनिवार को शहर में अचानक हलचल तेज हो गई. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि पुलिस ने अजय ठाकुर को रतनलाल नगर स्थित एक धुलाई सेंटर से गिरफ्तार कर लिया है. वायरल वीडियो में मौके पर भारी भीड़ दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

कानपुर में फरार हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर गिरफ्तार, महंत पर किया था जानलेवा हमला

अजय ठाकुर महंत पर हमले के बाद से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश में कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं. फरारी के दौरान उसके सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और लगातार रील पोस्ट करने को लेकर भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे थे. हाल ही में कई मीडिया रिपोर्टों में सामने आया था कि महंत पर हमले के मामले में वांछित होने के बावजूद अजय ठाकुर खुलेआम वीडियो साझा कर रहा था और पुलिस उसे पकड़ने में सफल नहीं हो पा रही थी.

पुलिस ने नहीं दी कोई जानकारी

अब वायरल हो रहे वीडियो के बाद शहर में उसकी गिरफ्तारी की चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक कानपुर पुलिस की ओर से गिरफ्तारी की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. न ही पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया है. ऐसे में वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों की पुष्टि होना अभी बाकी है.

अजय ठाकुर पर दर्ज हैं कई मुकदमे

वायरल वीडियो में किया जा रहा दावा सही साबित होता है, तो महंत पर हमले के बहुचर्चित मामले में यह पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जाएगी. अजय ठाकुर पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जाते हैं और वह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था. फिलहाल पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. उसके बाद ही गिरफ्तारी से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply