
लखनऊ,अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के मत्स्य पालन निदेशक एनएस रहमानी और चार अन्य अधिकारियों को वाराणसी जिले में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के क्रियान्वयन में कथित लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर बुधवार को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के क्रियान्वयन की प्रारंभिक जांच के बाद मत्स्य पालन मंत्री संजय कुमार निषाद की अनुशंसा पर यह कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने कहा कि मत्स्य पालन अधिकारी श्वेता सिंह, आकाश दीप, राजेंद्र और खुर्शीद आलम को भी कथित अनियमितताओं के संबंध में निलंबित किया गया है। निषाद ने कहा कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिला था कि अन्य मत्स्य पालन अधिकारियों की भी इस कथित लापरवाही और अनियमितताओं में संलिप्तता पायी जा सकती है। उन्होंने कहा कि अन्य अधिकारियों के खिलाफ जांच हो रही है और लापरवाही, अनियमितताओं या अन्य गलत कार्यों के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि प्रारंभिक जांच के तथ्यों के आधार पर अभी तक यह कार्रवाई हुई है और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए गए सभी अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा और उनके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। निषाद ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार, लापरवाही और अनियमितताओं को बिल्कुल न बर्दाश्त करने की नीति को लेकर प्रतिबद्ध है और गलत कार्यों में लिप्त पाए गए किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

