How Many Times Can Oil Be Reused : अक्सर घरों में पूड़ी, पकौड़े, समोसे या दूसरी तलीभुनी चीजें बनाने के बाद बचा हुआ तेल दोबारा इस्तेमाल के लिए रख लिया जाता है। कई लोग इसे फेंकने की बजाय बारबार गर्म करके खाना बनाने में इस्तेमाल करते रहते हैं। लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसा करना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है। बारबार गर्म किया गया या कई दिनों तक रखा हुआ तेल शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

बहुत से लोगों के मन में यह सवाल भी रहता है कि आखिर बचा हुआ तेल कितनी बार और कितने दिनों तक सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।
आखिर बचा हुआ तेल कितनी बार दोबारा इस्तेमाल करना चाहिए?
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार, किसी भी कुकिंग ऑयल को तीन बार से ज्यादा दोबारा गर्म नहीं करना चाहिए। बारबार गर्म करने से तेल में टोटल पोलर कंपाउंड नामक हानिकारक तत्व बनने लगते हैं। यदि इनकी मात्रा 25 प्रतिशत से अधिक हो जाती है, तो ऐसा तेल खाना पकाने के लिए सुरक्षित नहीं माना जाता।
बारबार गर्म करने से शरीर को क्या नुकसान होता है?
जब तेल को तेज आंच पर बारबार गर्म किया जाता है, तो उसमें ऑक्सीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इसके कारण एल्डिहाइड्स, फ्री रेडिकल्स और ट्रांस फैट जैसे हानिकारक तत्व बनने लगते हैं। लंबे समय तक ऐसे करने से हृदय रोग, लिवर की परेशानी, शरीर में सूजन और कुछ प्रकार के भी बढ़ सकता है।
इन बदलावों को देखकर तुरंत फेंक दें तेल
अगर इस्तेमाल किया हुआ तेल बासी या अजीब गंध देने लगे, उसमें झाग बनने लगे, उसका रंग बहुत ज्यादा गहरा हो जाए या गर्म करने पर वह गाढ़ा और धुंधला दिखाई दे, तो उसे दोबारा इस्तेमाल बिल्कुल न करें। ऐसे संकेत बताते हैं कि तेल खराब हो चुका है और अब उसका सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
दोबारा तेल इस्तेमाल करते समय रखें ये जरूरी सावधानियां
यदि आप बचा हुआ तेल दोबारा इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो पहले उसे अच्छी तरह छान लें ताकि उसमें मौजूद खाने के जले हुए कण निकल जाएं। कम स्मोक पॉइंट वाले तेल, जैसे ऑलिव ऑयल और नारियल तेल को बारबार गर्म करने से बचें। दोबारा इस्तेमाल करने से पहले तेल की गंध, रंग और गुणवत्ता जरूर जांच लें। यदि थोड़ा भी संदेह हो कि तेल खराब हो चुका है, तो उसे फेंक देना ही सबसे सुरक्षित और समझदारी भरा फैसला है।



