
Kiratpur, Bijnor : किरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भनेड़ा में शुक्रवार देर रात एक मामूली पारिवारिक विवाद ने उस समय भयावह रूप ले लिया, जब जीजा ने अपने ही साले की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सचिन की बहन की शादी करीब सात वर्ष पूर्व इयतपुर ब्लॉक के ग्राम रामपुर में हुई थी। बताया जाता है कि शादी के लगभग एक वर्ष बाद उसका जीजा अपनी ससुराल ग्राम भनेड़ा में आकर रहने लगा था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। मृतक सचिन कई बार अपने जीजा से वापस अपने घर जाने की बात कह चुका था, जिसको लेकर दोनों के बीच पूर्व में भी कहासुनी हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम भी दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था। देर रात करीब दो बजे कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि जीजा ने धारदार चाकू से सचिन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।
सूचना पर थाना किरतपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। मृतक दलित समाज से संबंधित बताया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई थी।



