कासगंज : उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। यहां के क्यामपुर बहेडिया भड़रिया क्षेत्र में एक निर्माणाधीन हाईवे पर अचानक एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश होकर गिर पड़ा। आसमान से सीधे सड़क पर विमान को गिरता देख इलाके में चीखपुकार और भारी अफरातफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद दुर्घटनास्थल पर स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

खून से लथपथ मिलीं महिला पायलट, अस्पताल में चल रहा सघन इलाज
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हुए इस ट्रेनी एयरक्राफ्ट को एक महिला ट्रेनी पायलट उड़ा रही थीं। विमान के क्रैश होने से महिला पायलट को बेहद गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल पायलट को तुरंत रेस्क्यू किया और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल महिला पायलट की हालत काफी गंभीर बनी हुई है और उनका सघन इलाज चल रहा है।
हादसे की असली वजह तलाशने में जुटी टीम, पुलिस ने की इलाके की घेराबंदी
इस खौफनाक हादसे के बाद क्रैश हुए एयरक्राफ्ट के मलबे को करीब से देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अन्य खतरे से बचने के लिए पुलिस ने तुरंत घटनास्थल की घेराबंदी कर ली है और वहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन की तरफ से इस दुर्घटना की आधिकारिक सूचना संबंधित विमानन अधिकारियों को भी दे दी गई है। यह हादसा आसमान में किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई और कारण था, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। एविएशन विभाग और संबंधित जांच एजेंसियां अब इस एयरक्राफ्ट क्रैश के असली कारणों का पता लगाने में जुट गई हैं।


