
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान 31 वर्षीय रईस खान के रूप में हुई है, जो पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के हवेली जिले का निवासी और मोहम्मद याकूब खान का बेटा बताया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, रविवार को रईस खान ने बालाकोट सेक्टर से भारतीय सीमा में प्रवेश किया, जिसके बाद सतर्क सुरक्षा बलों ने उसे हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक तलाशी में उसके पास से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा व खुफिया एजेंसियां उससे संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि वह गलती से सीमा पार कर आया था या किसी विशेष मकसद से भारतीय क्षेत्र में घुसा था।
एक सप्ताह में दूसरा मामला
पुंछ जिले में एक सप्ताह के भीतर यह सीमा पार घुसपैठ का दूसरा मामला है। इससे पहले शुक्रवार को कृष्णा घाटी सेक्टर के गुलपुर इलाके से 26 वर्षीय मोहम्मद सज्जाद को भी LoC पार करने के बाद गिरफ्तार किया गया था। सुरक्षा बलों ने उसे हिरासत में लेने के बाद आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया था।
इसके अलावा 9 जून को जावेद अली नाम के 14 वर्षीय किशोर को भी भारतीय सीमा में आने पर हिरासत में लिया गया था। जांच पूरी होने के बाद करीब एक सप्ताह बाद उसे पाकिस्तान वापस भेज दिया गया था।
सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से कर रहीं जांच
बालाकोट और गुलपुर क्षेत्रों में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। शुरुआती जांच में कुछ मामलों में सीमा अनजाने में पार करने की संभावना जताई गई है, लेकिन जासूसी, घुसपैठ या नियंत्रण रेखा की सुरक्षा व्यवस्था की टोह लेने जैसी सभी संभावनाओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
सुरक्षा बलों के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि LoC पर कड़ी निगरानी और सतर्कता के कारण घुसपैठ की इन घटनाओं का समय रहते पता चल गया और संबंधित व्यक्तियों को तुरंत पकड़ लिया गया। इससे किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे को टालने में सफलता मिली है।



