
एसटीएफ, आबकारी विभाग और औरास पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 9 लाख रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब से लदी पिकअप पकड़कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब हरियाणा निर्मित है और उस पर ‘फॉर सेल इन यूटी चंडीगढ़ ओनली’ अंकित मिला। पुलिस को आशंका है कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश में खपाने के लिए लाई जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात मुखबिर की सूचना पर औरास थाना पुलिस, एसटीएफ लखनऊ और आबकारी विभाग ने टिकराबाव गांव के पास घेराबंदी की। यहां एक पिकअप डाला को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब की पेटियां भरी मिलीं।
जांच में 92 पेटियों से 2208 हाफ बोतलें और 50 पेटियों से 600 फुल बोतलें, कुल 2808 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 9,00,120 रुपये बताई गई है। पुलिस ने पिकअप को भी कब्जे में ले लिया।
मौके से टिकराबाव गांव निवासी रंजीत मौर्य को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्रा ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।



